Friday, October 23

रामगढ़: रामगढ़ जिले के गिद्दी क्षेत्र में रविवार देर रात CCL कर्मी मंगलेश कुमार उर्फ हैप्पी की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। करीब रात 12:30 बजे दो हमलावरों ने घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया। घटना के समय मंगलेश अपनी पत्नी के साथ टीवी देख रहे थे। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

पत्नी के सामने चाकू से किया हमला

मिली जानकारी के अनुसार, मंगलेश कुमार घर में अपनी पत्नी के साथ बैठे थे। इसी दौरान दो अपराधी अचानक घर में घुस आए और उन पर चाकू से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से घर में अफरा-तफरी मच गई।

बताया जाता है कि पति पर हमला होते देख उनकी पत्नी ने हमलावरों से गुहार लगाई। उन्होंने कहा कि उन्हें जो सामान चाहिए, वे ले लें, लेकिन उनके पति को छोड़ दें। हालांकि, हमलावरों ने उनकी बात नहीं मानी और मंगलेश पर हमला जारी रखा।

पत्नी को रस्सी से बांधकर भागे हमलावर

वारदात के बाद हमलावरों ने मंगलेश की पत्नी को रस्सी से बांध दिया और मौके से फरार हो गए। सुबह आसपास के लोगों को घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद गिद्दी पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

आम्रपाली परियोजना में डाटा एंट्री ऑपरेटर थे मंगलेश

मंगलेश कुमार CCL की आम्रपाली परियोजना में डाटा एंट्री ऑपरेटर के पद पर कार्यरत थे। बताया जाता है कि कुछ दिन पहले वॉलीबॉल खेलने के दौरान उनका पैर फ्रैक्चर हो गया था।

उनकी पत्नी सोनाली गया स्थित अपने मायके में थीं और दो दिन पहले ही गिद्दी लौटी थीं। उनके लौटने के महज दो दिन बाद घर में हुई इस वारदात ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और हमलावरों की पहचान व उनकी तलाश में जुटी है।

Share.
Next Story
दुर्गा पूजा को लेकर धनबाद पुलिस हाई अलर्ट, पंडालों से संवेदनशील इलाकों तक सुरक्षा की निगरानी
Exit mobile version