रांची। फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के चुनाव को लेकर टीम मुकेश अग्रवाल ने रविवार को चैंबर की एफिलिएटेड बॉडी के चेयरमैन एवं सदस्यों के साथ बैठक की। बैठक में आगामी चैंबर चुनाव की रणनीति के साथ-साथ व्यापारियों और उद्योग जगत से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

अध्यक्ष पद के उम्मीदवार मुकेश अग्रवाल ने कहा कि चैंबर के वर्तमान अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा के कार्यकाल में जो कार्य अधूरे रह गए हैं, उन्हें पूरा करना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने विशेष रूप से ट्रांसपोर्ट नगर को जल्द चालू कराने की बात कही। उन्होंने कहा कि व्यापारी वर्ग की समस्याओं को मजबूती से सरकार और संबंधित विभागों के सामने उठाने की जरूरत है।
मुकेश अग्रवाल ने कहा कि वह व्यापारी वर्ग की समस्याओं का नेतृत्व करने के उद्देश्य से चुनाव मैदान में हैं। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए सभी वर्गों का सहयोग आवश्यक है। उन्होंने चैंबर को और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाने की दिशा में काम करने की बात कही।
बैठक के दौरान चैंबर के वर्तमान अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने टीम मुकेश अग्रवाल पर भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि टीम मुकेश चैंबर के सदस्यों की उम्मीदों पर खरा उतरने में सक्षम है। उनके अनुसार टीम में अनुभवी और ऊर्जावान उम्मीदवारों का बेहतर समन्वय है और चैंबर को एक मजबूत टीम मिलने जा रही है।
चैंबर के पूर्व अध्यक्ष कुणाल आजमानी ने कहा कि चैंबर का नेतृत्व ऐसे लोगों के हाथों में होना चाहिए, जो व्यवसायियों और उद्योगपतियों की समस्याओं को मजबूती एवं मुखरता के साथ सरकार के समक्ष रख सकें। उन्होंने टीम मुकेश अग्रवाल के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि अच्छे और सक्षम लोगों को चैंबर में काम करने का अवसर मिलना चाहिए।
वहीं उद्योगपति पुनीत पोद्दार ने भी टीम मुकेश अग्रवाल को समर्थन देते हुए कहा कि चैंबर का नेतृत्व ऐसे लोगों के हाथों में होना चाहिए, जो व्यापारी वर्ग की जरूरतों और समस्याओं को बेहतर ढंग से समझते हों। उन्होंने कहा कि सरकार के समक्ष व्यापारियों की समस्याओं को प्रभावी तरीके से रखने और उनके समाधान के लिए लगातार प्रयास करने वाले नेतृत्व की जरूरत है। उन्होंने टीम मुकेश अग्रवाल को इस भूमिका के लिए सक्षम बताते हुए व्यापारी वर्ग को उनसे काफी उम्मीदें होने की बात कही।
बैठक में प्रवीण लोहिया, डॉ. अभिषेक रामाधीन, अमित अग्रवाल, आस्था किरण, निधि झुनझुनवाला, माला कुजूर, भानु जालान, सज्जन अग्रवाल, गौरी शंकर साबू, मनीष वर्मा, नीतेश लोहिया, दीपक गाड़ोदिया, सुभाष जैन, गोपेश गोयनका, एसडी सिंह, विजय हरनलालका, सुनील सिंह चौहान, सुबोध जायसवाल, अंकुर गाड़ोदिया समेत अन्य सदस्य एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान टीम ने व्यापारियों से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देने, चैंबर की भूमिका को और प्रभावी बनाने तथा लंबित कार्यों को आगे बढ़ाने पर जोर दिया। चुनावी माहौल के बीच हुई इस बैठक को टीम मुकेश अग्रवाल की चुनावी रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।


