Monday, November 23

डीएवी सीएमसी की राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में रांची के खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, 9 रजत और 11 कांस्य पदक भी किए अपने नाम; प्राचार्य ने दी बधाई

रांची। डीएवी हेहल, रांची के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया है। डीएवी सीएमसी, नई दिल्ली की ओर से आयोजित नेशनल स्पोर्ट्स प्रतियोगिता 2026 में विद्यालय के खिलाड़ियों ने कुल 38 पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। इसमें 18 स्वर्ण, 9 रजत और 11 कांस्य पदक शामिल हैं। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से विद्यालय परिसर में खुशी और उत्साह का माहौल है।

राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में डीएवी हेहल के विद्यार्थियों ने विभिन्न खेल स्पर्धाओं में पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ हिस्सा लिया। खिलाड़ियों ने अपने अनुशासन, कठिन परिश्रम, निरंतर अभ्यास और खेल भावना के दम पर शानदार प्रदर्शन किया। उनकी इस सफलता में खेल प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन और शिक्षकों के सहयोग की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही।

इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्राचार्य सह सहायक क्षेत्रीय अधिकारी, झारखंड जोन-जी बिपिन राय ने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि जीवन में हमेशा सकारात्मक दृष्टिकोण रखना चाहिए और किसी भी खेल को पूरी खेल भावना के साथ खेलना चाहिए। हार और जीत खेल का अभिन्न हिस्सा हैं, इसलिए हर परिस्थिति में खिलाड़ियों को अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का प्रयास करना चाहिए।

उन्होंने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि गलतियों से सीख लेकर आगे बढ़ना ही सफलता का रास्ता है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना करते हुए उनके माता-पिता और शिक्षकों को भी सहयोग के लिए धन्यवाद दिया। साथ ही भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन जारी रखने के लिए खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

विद्यालय परिवार ने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों और प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर विद्यालय की एसएच अनुश्री सिन्हा और सभी खेल प्रशिक्षक उपस्थित थे।

Share.
Next Story
जैन श्वेताम्बर ओसवाल संघ का दिवाली मिलन समारोह धूमधाम से संपन्न
Exit mobile version