डोरंडा कन्या पाठशाला में दीप प्रज्वलन के साथ हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ, महिलाओं और बच्चों ने गीत-संगीत व नृत्य प्रस्तुतियों से बांधा समां
रांची। श्री जैन श्वेताम्बर ओसवाल संघ की ओर से सोमवार को डोरंडा कन्या पाठशाला में दिवाली मिलन समारोह हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। समारोह में समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। कार्यक्रम की शुरुआत संघ के अध्यक्ष एवं अन्य गणमान्य लोगों ने दीप प्रज्वलित कर की। इस दौरान उपस्थित लोगों का स्वागत किया गया और सभी ने एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दीं।
समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम मुख्य आकर्षण रहे। समाज की महिलाओं और बच्चों ने गीत-संगीत एवं नृत्य की रंगारंग प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मनोरंजन किया। श्रुति, खुशबू, गरिमा, रिद्धि, प्रेक्षा, भूमि, आयशा, इलियाना और नायरा सहित अन्य प्रतिभागियों ने अपनी प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में उत्साह भर दिया।
इस अवसर पर रेणु पिंचा ने नवकार महामंत्र पर आधारित गीत प्रस्तुत किया। वहीं, घेवर चंद नाहटा ने अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम का संचालन ज्योति दस्सानी ने किया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से समाज के लोगों को एक साथ जुड़ने और आपसी मेलजोल बढ़ाने का अवसर मिला।
समारोह में संघ के अध्यक्ष सुभाष बोथरा, सचिव घेवर चंद नाहटा, कोषाध्यक्ष अशोक सुराणा, सुरेश बोथरा, विमल दस्सानी, बालवीर बोथरा, राजेश पिंचा, पूनम चंद भंसाली, प्रकाश चंद नाहटा, शिव चरण विजयवर्गीय, अमित बैंगानी, राजू रामपुरिया और संजय कोठारी सहित समाज के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से समाज के लोगों ने दीपावली की खुशियां साझा कीं और आपसी सौहार्द एवं एकजुटता का संदेश दिया।
