रांची। राजधानी के डोरंडा थाना क्षेत्र स्थित दर्जी मोहल्ला (रोड नंबर 2) में किराए के मकान में रहने वाले एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान चतरा जिले के मूल निवासी माइकल राज के रूप में हुई है।
घटना की जानकारी मिलते ही डोरंडा थाना पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया, जहां विशेषज्ञों ने बारीकी से जांच कर कई अहम साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स (RIMS) भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
प्रारंभिक तौर पर इस मामले को आत्महत्या से जोड़कर देखा जा रहा है, लेकिन मृतक के परिजनों ने इसे सिरे से खारिज करते हुए हत्या की आशंका जताई है। फिलहाल पुलिस आत्महत्या और हत्या—दोनों पहलुओं को ध्यान में रखते हुए गहन जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के नतीजे सामने आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो पाएगी।
