Friday, November 27

रांची। झारखंड के नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने सिमडेगा जिले में पत्रकार अभिषेक भारती के साथ पुलिस हिरासत में कथित बर्बरता के मामले में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) को पत्र लिखकर स्वत: संज्ञान लेने और स्वतंत्र जांच कराने की मांग की है। 27 नवंबर को आयोग के अध्यक्ष को भेजे गए पत्र में उन्होंने इसे मानवाधिकारों का घोर उल्लंघन और पुलिस प्रशासन का पक्षपातपूर्ण रवैया बताया है। यह पूरा घटनाक्रम कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा से जुड़े एक नाबालिग युवती के कथित यौन शोषण के मामले से जुड़ा है। श्री मरांडी का आरोप है कि पुलिस का रवैया विधायक के प्रति नरम और रक्षात्मक रहा, जबकि मामले को उजागर करने वाले पत्रकार को निशाना बनाया गया।

पत्र में स्थानीय नागरिकों के हवाले से आरोप लगाया गया है कि पाकरटांड़ थाना पुलिस ने अभिषेक भारती पर अदालत में मनचाहा बयान देने का दबाव बनाने के लिए 25 नवंबर की रात से 26 नवंबर की दोपहर तक हिरासत में रखकर मारपीट की। प्रताड़ना के कारण वे अचेत हो गए थे। न्यायालय में पेशी के दौरान वे अपने पैरों पर खड़े होने की स्थिति में नहीं थे, और चार पुलिसकर्मी उन्हें उठाकर मजिस्ट्रेट के समक्ष ले गए, जहां वे बेहोश होकर गिर पड़े। न्यायालय के निर्देश के बावजूद उन्हें पहले टाउन थाने की हाजत में रखा गया और हालत बिगड़ने पर सदर अस्पताल पहुंचाया गया। साथ ही, न्यायालय परिसर में वीडियो बना रहे तीन अन्य पत्रकारों को भी चार घंटे तक बैठाकर उनके मोबाइल से वीडियो डिलीट करने का आरोप लगाया गया है। श्री मरांडी ने आयोग से मांग की है कि पीड़ित पत्रकार को उचित चिकित्सा मिले, स्वतंत्र मेडिकल बोर्ड से चोटों की जांच हो, सीसीटीवी फुटेज व अन्य साक्ष्य सुरक्षित रखे जाएं और दोषी पुलिसकर्मियों पर कठोर कार्रवाई हो।

Share.
Next Story
E-Kalyan छात्रवृत्ति के आवेदन की बढ़ी अंतिम तिथि, अब 31 दिसंबर तक कर सकेंगे ऑनलाइन आवेदन
Exit mobile version