कोडरमा। जिले में शुक्रवार तड़के श्रद्धालुओं से भरी एक बस और ट्रक के बीच भीषण टक्कर हो गई। हादसे में 12 वर्षीय एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि बस में सवार करीब 40 से 50 यात्री घायल बताए जा रहे हैं। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसा सतगावां थाना क्षेत्र के पोखरडीहा मोड़ के पास शुक्रवार सुबह करीब चार बजे हुआ। जानकारी के अनुसार, सफारी ट्रैवल्स की बस में सवार श्रद्धालु देवघर और बासुकीनाथ धाम में दर्शन एवं जलाभिषेक करने के बाद राजगीर की ओर जा रहे थे।
इसी दौरान पोखरडीहा मोड़ के पास बस की एक अनियंत्रित ट्रक से सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हादसे में नेपाल के रौतहट जिले के रहने वाले 12 वर्षीय शिवम कुमार की मौके पर ही मौत हो गई।
धार्मिक यात्रा के दौरान हुआ हादसा
बताया जा रहा है कि श्रद्धालुओं ने देवघर और बासुकीनाथ धाम में पूजा-अर्चना और जलाभिषेक किया था। इसके बाद सभी राजगीर जाने के लिए रवाना हुए थे। इसी यात्रा के दौरान सतगावां क्षेत्र में बस हादसे का शिकार हो गई।
दुर्घटना के बाद घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाने की प्रक्रिया शुरू की गई। हादसे की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गई।
फिलहाल हादसे के बाद दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती जानकारी में ट्रक के अनियंत्रित होने की बात सामने आ रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
इसे भी पढ़े –सावन विशेष अमृतवाणी पाठ में भक्ति में डूबीं महिलाएं, शिव भजनों से गूंजा पंजाबी भवन
