राजधानी के डोरंडा थाना क्षेत्र स्थित धोबी मोहल्ला में दो दिन पहले हुई ताबड़तोड़ फायरिंग की घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है। पुलिस ने जांच तेज करते हुए अपराधियों की तलाश में कई जगहों पर छापेमारी की, लेकिन अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। मामले में दोनों पक्षों की ओर से डोरंडा थाना में एक-दूसरे के खिलाफ अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
पहला पक्ष: जातिसूचक टिप्पणी और मारपीट का आरोप
ग्वाला टोली निवासी मो. सोयम गद्दी की शिकायत पर दर्ज FIR में रिसालदार बाबा दरगाह कमेटी के सचिव जावेद अनवर उर्फ काना, उसकी मां, बहन, पत्नी समेत मो. सज्जू, बाबर, मिनहाज कुरैशी, नवाज, ताबिज उर्फ हाका और सोनू कुरैशी — कुल आठ नामजद और चार अज्ञात — को आरोपी बनाया गया है।
शिकायत के अनुसार, 12 सितंबर की रात करीब आठ बजे रिसालदार बाबा मैदान में मो. सज्जू अपने साथियों के साथ मौजूद था, जहां पहले से पैसों को लेकर कुछ लड़कों से उसका विवाद चल रहा था। आरोप है कि सज्जू ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
अगले दिन, 13 सितंबर की शाम साढ़े सात बजे, मो. सोयम अपने दोस्त दानिश के साथ जैन मंदिर रोड से गुजर रहे थे, तभी बाबर, जावेद अनवर, मिनहाज, नवाज, बबन समेत 30-35 लोगों की भीड़ ने कथित तौर पर हमला कर दिया। इस दौरान दोनों बाइक समेत गिर पड़े, जिसके बाद आरोपियों ने पाइप और अन्य चीज़ों से मारपीट शुरू कर दी। शिकायत में यह भी दावा किया गया है कि बाबर और जावेद ने सिर पर पिस्टल सटाकर धमकाया और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए इलाके में आने से मना किया। किसी तरह जान बचाकर भागने के बाद पीड़ितों ने परिजनों को सूचना दी। बताया जा रहा है कि जब आरोपियों से झगड़े का कारण पूछा गया तो जावेद अनवर ने फायरिंग शुरू कर दी, हालांकि पुलिस पहुंचने से पहले ही वह फरार हो गया।
दूसरा पक्ष: गवाही से रोकने के लिए फायरिंग का आरोप
वहीं जावेद अनवर की ओर से दर्ज कराई गई प्राथमिकी में छोटू गद्दी, संजर खान, मो. अफाक समेत एक अज्ञात व्यक्ति को आरोपी बनाया गया है। जावेद ने पुलिस को बताया है कि वह अल्ताफ हत्याकांड का मुख्य गवाह है, जिस वजह से छोटू गद्दी, संजर खान और मो. अफाक लगातार उसे धमका रहे थे।
आवेदन के मुताबिक, 13 सितंबर को संजर के मोबाइल से जावेद के साले शकील अख्तर उर्फ बाबर को फोन किया गया और व्हाट्सएप पर धमकी दी गई कि अली खान के खिलाफ गवाही दी तो जान से मार दिया जाएगा — जावेद की गवाही 24 सितंबर को कोर्ट में होनी है। उसी रात साढ़े आठ बजे, जब जावेद घर पर ही मौजूद थे, घर पर करीब छह राउंड फायरिंग की गई। आरोप है कि यह फायरिंग छोटू गद्दी, संजर खान और अफाक ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर की।
जांच जारी, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
दोनों प्राथमिकियों के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा सके। अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है, और मामला जांच के अधीन है।
