Thursday, October 15

लातेहार: जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। महुआडांड़ प्रखंड क्षेत्र में तेज बारिश के बीच राजडंडा नदी पर बना पुल क्षतिग्रस्त होकर टूट गया। पुल का एक हिस्सा ध्वस्त होने के बाद महुआडांड़-गारू-लातेहार-पलामू मुख्य मार्ग पर वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है। नदी में पानी का बहाव भी तेज है और कई जगह सड़क के ऊपर से पानी गुजर रहा है।

पुल टूटने की सूचना मिलते ही प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और एहतियातन मार्ग को सील कर दिया। प्रशासन ने लोगों की आवाजाही के लिए वैकल्पिक रास्ते की व्यवस्था की है, ताकि जरूरी सेवाएं पूरी तरह बाधित न हों।

पानी के दबाव में टूटा पुल

महुआडांड़ और आसपास के इलाकों में शनिवार से लगातार तेज बारिश हो रही है। बारिश के कारण राजडंडा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ा। नदी में तेज बहाव और पानी के दबाव के कारण पुल का एक हिस्सा टूट गया।

पुल क्षतिग्रस्त होने के बाद प्रशासन ने तत्काल वाहनों का परिचालन रोक दिया। यह मार्ग महुआडांड़ को गारू, लातेहार और पलामू से जोड़ता है। इसके बंद होने से रोजाना इस सड़क से गुजरने वाले लोगों और वाहन चालकों की परेशानी बढ़ गई है।

स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक, यह क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण सड़क है और यहां बड़ी संख्या में वाहनों की आवाजाही होती है। सड़क बाधित होने से आसपास के इलाकों के लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही है।

एसडीएम ने लिया स्थिति का जायजा

महुआडांड़ के SDM सुलेमान मुंडरी ने बताया कि पुल के क्षतिग्रस्त होने के बाद सुरक्षा के मद्देनजर मुख्य मार्ग पर वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है। प्रशासन की ओर से तत्काल वैकल्पिक मार्ग शुरू कराया गया है।

उन्होंने बताया कि मामले की जानकारी रोड डिविजन के अभियंताओं को दे दी गई है। अभियंताओं के मौके पर पहुंचने के बाद पुल और सड़क की स्थिति का तकनीकी निरीक्षण किया जाएगा। इसके बाद वाहनों के परिचालन को लेकर उचित विकल्प तैयार करने का प्रयास किया जाएगा।

सतनदिया नदी भी उफान पर, कई जगह सड़क के ऊपर बह रहा पानी

लगातार बारिश का असर गारू-पलामू मुख्य मार्ग पर भी देखने को मिल रहा है। सतनदिया नदी का जलस्तर बढ़ने से नदी का पानी कई स्थानों पर सड़क के ऊपर से बह रहा है। बताया गया है कि गारू-बेतला-पलामू मार्ग पर सतनदिया नदी करीब सात अलग-अलग स्थानों पर सड़क को पार करती है।

तेज बहाव के कारण इन स्थानों पर भी आवागमन जोखिम भरा हो गया है। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर वाहनों का परिचालन रोक दिया है। पुलिस प्रशासन की ओर से लोगों के लिए एडवाइजरी भी जारी की गई है।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि जब तक नदी और सड़क पर पानी का बहाव सामान्य नहीं हो जाता, तब तक इन रास्तों से गुजरने का प्रयास न करें। भारी बारिश के बीच प्रशासन पूरे इलाके की स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

इसे भी पढ़े – तेज प्रताप यादव को मंत्री संजय सिंह का 50 करोड़ का मानहानि नोटिस, 7 दिन में सार्वजनिक माफी की मांग

Share.
Next Story
कहीं आपके यहां भी तो नहीं हो रही तेज बारिश? झारखंड के इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
Exit mobile version