बोकारो में विभिन्न महत्वपूर्ण आयोजनों को सफल और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने में अहम भूमिका निभाने वाले पदाधिकारियों, कर्मियों और सहयोगियों को सम्मानित किया गया। शनिवार देर शाम कैंप टू स्थित जायका हैपनिंग्स सभागार में आयोजित सम्मान समारोह में नगरपालिका आम निर्वाचन, लुगुबुरु घंटाबाड़ी धोरोमगढ़ महोत्सव, दुर्गापूजा और छठ महापर्व के दौरान उत्कृष्ट योगदान देने वालों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर उनकी कार्यकुशलता और समर्पण की सराहना की गई।
समारोह में पुलिस महानिरीक्षक, उत्तरी छोटानागपुर प्रक्षेत्र शैलेन्द्र कुमार सिन्हा, उपायुक्त अजय नाथ झा, पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा और उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार समेत कई वरीय अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने कहा कि बड़े आयोजनों की सफलता किसी एक व्यक्ति या विभाग के प्रयासों से नहीं, बल्कि पूरी टीम के बेहतर तालमेल, समन्वय और सामूहिक जिम्मेदारी से सुनिश्चित होती है।
बेहतर समन्वय से सफल हुए आयोजन
पुलिस महानिरीक्षक शैलेन्द्र कुमार सिन्हा ने बोकारो जिला प्रशासन और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय की सराहना करते हुए कहा कि किसी भी बड़े आयोजन की सफलता पूरी टीम के सामूहिक योगदान का परिणाम होती है। उन्होंने पदाधिकारियों और कर्मियों के समर्पण की प्रशंसा की और भविष्य में भी इसी कार्यसंस्कृति को बनाए रखने पर जोर दिया।
वहीं, उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि प्रशासनिक व्यवस्था में व्यक्तिगत उपलब्धि से कहीं बड़ी टीम की सफलता होती है। पद और जिम्मेदारियां महत्वपूर्ण हैं, लेकिन किसी भी लक्ष्य को हासिल करने के लिए आपसी सहयोग, प्रतिबद्धता और टीम भावना सबसे ज्यादा मायने रखती है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों और कर्मियों से अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करने और हर काम में अपना 200 प्रतिशत योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान समारोह केवल अब तक किए गए कार्यों की सराहना नहीं, बल्कि आगे और बेहतर काम करने की प्रेरणा भी है।
पर्व-त्योहारों में पुलिस की भूमिका की सराहना
पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा ने विभिन्न पर्व-त्योहारों और आयोजनों के दौरान पुलिस बल की सतर्कता, सक्रियता और सूझबूझ की सराहना की। उन्होंने विशेष रूप से लुगुबुरु महोत्सव के दौरान यातायात प्रबंधन, सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, चिकित्सा और अग्निशमन व्यवस्था के साथ श्रद्धालुओं की सहायता में विभिन्न विभागों के बीच बेहतर तालमेल को उल्लेखनीय बताया।
उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार ने कहा कि किसी भी आयोजन को सफल बनाने में सभी विभागों की भूमिका अहम होती है। बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था के लिए समयबद्ध कार्य निष्पादन, आपसी समन्वय और सामूहिक जिम्मेदारी जरूरी है। उन्होंने सम्मानित होने वाले सभी पदाधिकारियों और कर्मियों को बधाई दी।
कार्यक्रम का संचालन प्रशिक्षु आईएएस अरविंद राधाकृष्णन ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह ने किया। मौके पर जिला एवं प्रखंड स्तर के वरीय और कनीय पदाधिकारी-कर्मियों के साथ पुलिस प्रशासन के अधिकारी एवं अन्य संबंधित कर्मी उपस्थित रहे।
