108 एंबुलेंस नहीं मिलने पर मसानजोर पुलिस ने दिखाई तत्परता, दो पुलिस जीप से घायलों को पहुंचाया अस्पताल
दुमका: दुमका-सिउड़ी मुख्य मार्ग पर शुक्रवार रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। मसानजोर थाना क्षेत्र के धाजापाड़ा के पास तेज रफ्तार कंटेनर और स्कॉर्पियो की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में स्कॉर्पियो सवार आठ लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे के बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए 108 एंबुलेंस की मदद लेने की कोशिश की गई, लेकिन एंबुलेंस उपलब्ध नहीं हो सकी। ऐसे में मसानजोर पुलिस ने देर किए बिना मोर्चा संभाला। पुलिस ने अपनी दो जीप से सभी आठ घायलों को इलाज के लिए दुमका अस्पताल पहुंचाया।
समय पर एंबुलेंस नहीं मिलने के बावजूद पुलिस की इस तत्परता से घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद मिली।
