Sunday, November 29

झारखंड सरकार में पूर्व ग्रामीण विकास मंत्री रहे केएन त्रिपाठी को इंडियन नेशनल ट्रेड यूनियन कांग्रेस (इंटक) का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया है. शनिवार को नई दिल्ली स्थित डॉ अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में इंटक के राष्ट्रीय विलय सम्मेलन का 34वां सत्र आयोजित किया गया. इसी सम्मेलन में केएन त्रिपाठी निर्विरोध राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने गए.

महासचिव निर्विरोध चुने गए

सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में लोकसभा की पूर्व अध्यक्ष मीरा कुमार मौजूद थीं जबकि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के काजी मोहम्मद निजामुद्दीन पर्यवेक्षक के रूप में उपस्थित थे. इस दौरान अभय कुमार दुबे को वरिष्ठ उपाध्यक्ष जबकि केके तिवारी को महासचिव निर्विरोध निर्वाचित किया गया.

पूर्व मंत्री केएन त्रिपाठी ने बताया कि इस सम्मेलन में कई प्रस्ताव पारित किए गए हैं. श्रम कानून और मजदूरों से जुड़े महत्वपूर्ण विषय पर चर्चा हुई है. उन्होंने कहा कि प्रतिनिधियों ने जो भरोसा जताया है उसके लिए वह आभारी हैं. उन्होंने कहा कि इंटक अब पुराने दौर में लौट रहा है.

के एन त्रिपाठी पलामू के रहने वाले हैं

पूर्व मंत्री ने कहा कि उनका लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि INTUC के माध्यम से हर मजदूर को उसके उचित अधिकार और हक मिलें. INTUC खदानों, कारखानों, रेलवे क्षेत्र, बैंकों और असंगठित क्षेत्र में काम करने वाले मजदूरों के अधिकारों के लिए लड़ेगा. केएन त्रिपाठी झारखंड के पलामू जिले के मेदिनीनगर स्थित रेडमा के रहने वाले हैं.

Share.
Next Story
रांची नगर निगम का बड़ा एक्शन: मोरहाबादी वेंडिंग जोन की 43 दुकानों का आवंटन रद्द करने की सिफारिश
Exit mobile version