Tuesday, September 22

रामगढ़: झारखंड के रामगढ़ जिले में रविवार को एक स्टील फैक्ट्री में बड़ा हादसा हो गया। कुजू ओपी क्षेत्र के मरपा स्थित श्रीराम पावर एंड स्टील फैक्ट्री में काम के दौरान फर्नेस में अचानक जोरदार ब्लास्ट हो गया। हादसे में 10 से ज्यादा मजदूर झुलस गए। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घायलों में से तीन मजदूरों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर किया गया है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दो मजदूर 90 प्रतिशत से अधिक झुलसे हैं, जबकि तीन अन्य मजदूरों के 40 प्रतिशत से ज्यादा झुलसने की बात सामने आई है।

मेंटेनेंस के दौरान हुआ ब्लास्ट

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, फर्नेस में मेंटेनेंस और स्पंज आयरन से जुड़े काम के दौरान अचानक ब्लास्ट हुआ। विस्फोट इतना तेज था कि आसपास काम कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए।

हादसे के बाद फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद लोगों की मदद से घायल मजदूरों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

घायलों में राजेंद्र महतो, परमेश्वर महतो, विजय यादव, संजय यादव और धनंजय सिंह के नाम सामने आए हैं।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

हादसे के बाद फैक्ट्री में मजदूरों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। लोजपा लेबर सेल के जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह भाटिया ने प्लांट प्रबंधन पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि मजदूरों की सुरक्षा के लिए जरूरी इंतजामों पर गंभीरता से ध्यान दिया जाना चाहिए।

हालांकि, फर्नेस में ब्लास्ट की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस और प्रशासन की टीम मामले की जांच में जुटी है। जांच के बाद ही यह साफ होगा कि हादसा किस वजह से हुआ और इसमें सुरक्षा मानकों को लेकर किसी तरह की लापरवाही हुई थी या नहीं।

इसे भी पढ़े – झारखंड में पहली बार रोबोटिक सर्जरी की शुरुआत, रांची में अब मिलेगी हाईटेक सर्जरी की सुविधा

Share.
Next Story
JPSC के 3 सदस्यों ने दिया इस्तीफा, राज्यपाल को भेजा त्यागपत्र
Exit mobile version