मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के गोबरसही इलाके में सोमवार को गैस पाइपलाइन फटने से भीषण हादसा हो गया। सदर थाना क्षेत्र में नाला निर्माण के दौरान सड़क की खुदाई की जा रही थी। इसी दौरान जमीन के नीचे बिछी PNG गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। पाइपलाइन से तेज दबाव में गैस का रिसाव शुरू हुआ और देखते ही देखते गैस ने आग पकड़ ली। इसके बाद जोरदार धमाका हुआ, जिससे पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई।
गैस रिसाव के बाद भड़की आग, कई मकानों को नुकसान
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पाइपलाइन से अचानक गैस निकलने लगी। कुछ ही देर में आग की ऊंची लपटें उठने लगीं। धमाके और आग की वजह से आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। हादसे में कई घरों को नुकसान पहुंचने की खबर है। घटना के बाद इलाके में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
इस हादसे में सड़क से गुजर रही एक थार गाड़ी भी आग और विस्फोट की चपेट में आ गई। गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर चकनाचूर हो गई। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, एक लोग की मौत और सात लोगो किए गंभीर रूप से घायल होने की खबर सामने आयी है , हालाँकि अभी कितने लोगो की मौत हुई और कितने लोग घायल है इस बात की आधिकारिक पुस्टि नहीं हुई है। थार गाड़ी का रजिस्ट्रेशन नंबर वैशाली जिले का बताया जा रहा है। उस पर जदयू का झंडा भी लगा हुआ था। हालांकि, गाड़ी में सवार लोगों की पहचान और उनकी आधिकारिक पुष्टि अभी सामने नहीं आई है।
घायलों की पहचान और उनकी स्थिति के संबंध में भी विस्तृत आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।
मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने में जुट गई। गैस रिसाव और आग की गंभीरता को देखते हुए इलाके में राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भय का माहौल है।
गोबरसही में हुए इस हादसे ने नाला निर्माण के दौरान भूमिगत गैस पाइपलाइन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि खुदाई शुरू करने से पहले जमीन के नीचे बिछी गैस पाइपलाइन की जानकारी क्यों नहीं ली गई? क्या संबंधित निर्माण एजेंसी ने गैस कंपनी से अनुमति और तकनीकी जानकारी प्राप्त की थी? क्या खुदाई के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था?
फिलहाल हादसे के वास्तविक कारण, जिम्मेदार एजेंसी और मृतकों की आधिकारिक संख्या को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।
