Tuesday, September 22

गढ़वा, कांडी। अपने चहेते शिक्षक की वापसी की खबर मिलते ही कांडी के राजकीयकृत जमा दो उच्च विद्यालय में गुरुवार को खुशी का माहौल बन गया। शिक्षक सह प्रधानाध्यापक मलय कुमार सिंह के दोबारा विद्यालय पहुंचते ही छात्र-छात्राओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। लंबे समय से शिक्षक के स्थानांतरण का विरोध कर रहे विद्यार्थियों के चेहरों पर इस दौरान खुशी साफ नजर आई।

अपने शिक्षक की वापसी पर छात्रों का उत्साह देखते ही बन रहा था। जिस शिक्षक को विद्यालय से दूर किए जाने के विरोध में विद्यार्थियों ने सड़क पर उतरकर आंदोलन किया था, उसी शिक्षक के वापस आने पर ‘Gen Alpha’ ने पूरे उत्साह के साथ उनका स्वागत किया। छात्रों के व्यवहार में अपने शिक्षक के प्रति सम्मान और अपनापन साफ दिखाई दिया।

शिक्षक के लिए ‘Gen Alpha’ ने नौ घंटे किया सड़क जाम

मलय कुमार सिंह के स्थानांतरण/प्रतिनियोजन के विरोध में छात्र पिछले कई दिनों से आंदोलन कर रहे थे। गुरुवार को उनका विरोध प्रदर्शन और तेज हो गया। बड़ी संख्या में विद्यार्थी कांडी-केतार मुख्य सड़क पर उतर आए और करीब नौ घंटे तक सड़क जाम रखा।

इस दौरान सड़क पर आवागमन प्रभावित रहा। प्रदर्शन कर रहे छात्रों की मांग थी कि उनके प्रधानाध्यापक को दोबारा विद्यालय में लाया जाए। छात्रों ने प्रशासन के सामने अपनी मांग मजबूती से रखी और शिक्षक की वापसी तक आंदोलन जारी रखने की बात कही।

आंदोलन के बाद बदला फैसला

लगातार विरोध और सड़क जाम के बाद प्रशासन की ओर से छात्रों की मांग पर कार्रवाई की गई। मलय कुमार सिंह को पुनः कांडी जमा दो उच्च विद्यालय में प्रधानाध्यापक के रूप में प्रतिनियोजित कर दिया गया।

शिक्षक की वापसी का फैसला सामने आते ही छात्रों ने अपना आंदोलन समाप्त कर दिया। इसके बाद जैसे ही मलय कुमार सिंह विद्यालय पहुंचे, विद्यार्थियों ने खुशी के साथ उनका स्वागत किया।

नई पीढ़ी और शिक्षक के रिश्ते की दिखी तस्वीर

कांडी की यह घटना इसलिए भी चर्चा में है, क्योंकि आज की ‘Gen Alpha’ पीढ़ी, जिसे अक्सर डिजिटल और सोशल मीडिया से जुड़ी पीढ़ी के तौर पर देखा जाता है, अपने शिक्षक के समर्थन में सड़क पर उतरती नजर आई।

छात्रों के आंदोलन और शिक्षक की वापसी के बाद उनके स्वागत ने यह दिखाया कि शिक्षक और विद्यार्थियों के बीच मजबूत विश्वास और भावनात्मक जुड़ाव आज भी उतना ही महत्वपूर्ण है। कांडी में ‘Gen Alpha’ का यह अंदाज फिलहाल इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।

इसे भी पढ़े – जमीन से आग की लपटें और पानी में उबाल जैसा नजारा, गोमिया में रहस्यमयी घटना

Share.
Next Story
आजादी के जश्न के बीच झारखंड के युवाओं की उम्मीदें
Exit mobile version