Saturday, November 21

चालकों की हड़ताल के बीच एंबुलेंस की चाबियां अधिकारियों को सौंपने का निर्देश, वैकल्पिक व्यवस्था से मरीजों को राहत देने की तैयारी

रांची। झारखंड में 108 आपातकालीन एंबुलेंस सेवा से जुड़े कर्मचारियों की हड़ताल ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। पिछले दो दिनों से चालकों के कार्य बहिष्कार के कारण कई जिलों में एंबुलेंस का परिचालन प्रभावित होने की सूचना है। इस स्थिति को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने सेवा बहाल रखने के लिए सख्त कदम उठाया है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के अभियान निदेशक ने 19 नवंबर को सभी जिलों के सिविल सर्जनों को पत्र जारी कर वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। विभाग का स्पष्ट कहना है कि कर्मचारियों की हड़ताल के बावजूद मरीजों को आपातकालीन एंबुलेंस सेवा से वंचित नहीं रखा जा सकता।

हड़ताल पर गए चालकों की एंबुलेंस की चाबी जमा कराने का निर्देश

एनएचएम की ओर से जारी पत्र में बताया गया है कि सम्मान फाउंडेशन के माध्यम से नियुक्त 108 एंबुलेंस सेवा के कर्मचारी कार्य बहिष्कार कर हड़ताल पर हैं। इसके कारण एंबुलेंस का नियमित संचालन नहीं हो पा रहा है। विभाग को यह जानकारी भी मिली है कि हड़ताल में शामिल कुछ चालकों ने एंबुलेंस की चाबियां संबंधित प्रभारियों को सौंपने की बात कही है। इस मामले में विभाग ने सभी सिविल सर्जनों को निर्देश दिया है कि हड़ताल पर गए चालकों द्वारा संचालित एंबुलेंस की पहचान की जाए और उनकी चाबियां संबंधित स्वास्थ्य संस्थान के प्रभारी या अधिकृत चिकित्सा पदाधिकारी को सौंपी जाएं।

वैकल्पिक व्यवस्था से जारी रहेगा एंबुलेंस का परिचालन

स्वास्थ्य विभाग ने जिला स्तर पर वैकल्पिक व्यवस्था तैयार करने को कहा है, ताकि एंबुलेंस सेवा पूरी तरह ठप न हो। इसके लिए संबंधित स्वास्थ्य संस्थानों के अधिकारियों को जरूरी कदम उठाने और उपलब्ध संसाधनों के जरिए सेवा जारी रखने का निर्देश दिया गया है। विभाग की प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि सड़क दुर्घटना, गंभीर बीमारी, प्रसव या अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाने में परेशानी न हो। इसके लिए सिविल सर्जनों को अपने-अपने जिलों में एंबुलेंस सेवा की स्थिति पर ध्यान देने को कहा गया है।

आदेश की अनदेखी पर कार्रवाई की चेतावनी

विभाग ने अपने आदेश में यह भी स्पष्ट किया है कि एंबुलेंस की चाबी जमा नहीं करने या सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने वाले संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है। 108 एंबुलेंस सेवा को आवश्यक सेवा मानते हुए इसके निर्बाध संचालन पर जोर दिया गया है। अब जिला स्वास्थ्य प्रशासन के सामने हड़ताल के बीच वैकल्पिक व्यवस्था लागू कर सेवा को सुचारू रखने की चुनौती है। वहीं, कर्मचारियों की हड़ताल के कारण मरीजों और उनके परिजनों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसे लेकर विभाग ने सिविल सर्जनों को आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया है।

Share.
Next Story
धनबाद में कोयला चोरों के हौसले बुलंद, चोरी रोकने पर सुरक्षाकर्मी की पिटाई
Exit mobile version