Sunday, November 22

-आईआईएम रांची में स्पेस कॉन्क्लेव 2026 का आयोजन, एनएसआईएल के सीएमडी राधा कृष्ण ए. ने कहा- अंतरिक्ष क्षेत्र में बिजनेस लीडर्स की भूमिका अहम

रांची। भारत को अंतरिक्ष महाशक्ति बनाने के साथ-साथ अंतरिक्ष अर्थव्यवस्था में वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में आईआईएम रांची में शनिवार को ‘स्पेस कॉन्क्लेव 2026’ का आयोजन किया गया। ‘भारत की अंतरिक्ष अर्थव्यवस्था के लिए एक साझा रूपरेखा’ विषय पर आयोजित इस कार्यक्रम में 2033 तक भारत की स्पेस इकोनॉमी को 44 अरब डॉलर तक पहुंचाने के लक्ष्य पर चर्चा हुई। कार्यक्रम में न्यूस्पेस इंडिया लिमिटेड (एनएसआईएल) के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक राधा कृष्ण ए. मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए। वहीं, आईआईएम रांची के निदेशक प्रो. दीपक कुमार श्रीवास्तव और कॉन्क्लेव के चेयरपर्सन प्रो. अरुण सिंह राणा भी मौजूद रहे।

मौके पर एनएसआईएल के सीएमडी राधा कृष्ण ए. ने कहा कि भारत अब केवल रॉकेट लॉन्च करने तक सीमित नहीं है, बल्कि अंतरिक्ष क्षेत्र को आर्थिक विकास और रोजगार के बड़े अवसर के रूप में विकसित करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। वर्तमान में भारत की स्पेस इकोनॉमी करीब 8.5 अरब डॉलर की है, जिसे अगले सात वर्षों में 44 अरब डॉलर और 2040 तक 100 अरब डॉलर तक पहुंचाने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि अंतरिक्ष क्षेत्र में रॉकेट और सैटेलाइट निर्माण की हिस्सेदारी महज 10 से 15 प्रतिशत है, जबकि 85 से 90 प्रतिशत अवसर डेटा सेवाओं, मौसम पूर्वानुमान, कृषि और बैंकिंग जैसे क्षेत्रों में हैं। ऐसे में मैनेजमेंट के विद्यार्थियों के लिए इस क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं।

400 से अधिक स्टार्टअप्स कर रहे काम

आईआईएम रांची के निदेशक प्रो. दीपक कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि अंतरिक्ष अब केवल वैज्ञानिकों और रॉकेट तक सीमित नहीं है, बल्कि तेजी से बढ़ता व्यावसायिक क्षेत्र बन चुका है। स्पष्ट सरकारी नीतियों और निजी निवेश को प्रोत्साहन मिलने से देश में 400 से अधिक स्पेस टेक स्टार्टअप्स उभरे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से स्पेस मार्केटिंग, स्पेस फाइनेंस और स्पेस इकोनॉमिक्स जैसे नए क्षेत्रों में अवसर तलाशने की अपील की।

कॉन्क्लेव में स्पेस एजुकेशन, निजी कंपनियों की भूमिका, स्पेस इकोनॉमी की वैल्यू चेन और भारत की अंतरिक्ष कूटनीति पर विभिन्न पैनल चर्चाएं हुईं। विशेषज्ञों ने नई शिक्षा नीति के तहत स्कूली स्तर पर स्पेस साइंस को बढ़ावा देने, स्पेस लॉ में करियर की संभावनाओं और स्टार्टअप्स को प्रोत्साहित करने पर विचार रखे। कार्यक्रम का उद्देश्य विज्ञान और प्रबंधन को जोड़कर अंतरिक्ष क्षेत्र में नए व्यावसायिक अवसरों के लिए भविष्य के नेतृत्वकर्ताओं को तैयार करना रहा।

Share.
Next Story
30वीं ऑल इंडिया इंटर स्कूल एवं क्लब योग चैंपियनशिप में छवि पांडेय ने मारी बाजी, निधि कुमारी दूसरे और आराध्य कृष्णा तीसरे स्थान पर
Exit mobile version