Wednesday, November 25
-विमेंस एशियन चैंपियंस ट्रॉफी: पहले ही क्वार्टर में दीपिका ने दागे तीन गोल, दर्ज की टूर्नामेंट की सबसे बड़ी जीत
-एफआईएच विश्व रैंकिंग में 5वें स्थान पर पहुंची भारतीय महिला हॉकी टीम, अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन

झारखंड की स्टार फॉरवर्ड दीपिका की शानदार हैट्रिक की बदौलत भारतीय महिला हॉकी टीम ने मंगलवार को मध्यप्रदेश विमेंस एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 में चीन को 6-2 के बड़े अंतर से शिकस्त दी। भोपाल के नाथू बरखेड़ा स्थित इंटरनेशनल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेले गए इस मुकाबले में गत चैंपियन भारत ने चीन के खिलाफ टूर्नामेंट के इतिहास की अपनी सबसे बड़ी जीत दर्ज की। इस ऐतिहासिक जीत के साथ ही भारतीय टीम एफआईएच विश्व रैंकिंग में 5वें स्थान पर पहुंच गई है, जो 2003 में रैंकिंग शुरू होने के बाद भारत का अब तक का सर्वश्रेष्ठ मुकाम है।

पहले क्वार्टर में ही दीपिका ने मचाया कोहराम

सेमीफाइनल में पहले ही जगह पक्की कर चुकी भारतीय टीम ने आक्रामक शुरुआत की। झारखंड की बेटी दीपिका ने पहले ही मिनट में सलीमा टेटे और रुतुजा पिसल के बेहतरीन पास पर तीन चीनी डिफेंडरों को छकाते हुए रिवर्स हिट से गोल कर भारत का खाता खोला। इसके बाद छठे मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर उन्होंने बढ़त 2-0 कर दी। 14वें मिनट में एक और पेनाल्टी कॉर्नर पर अचूक निशाना साधते हुए दीपिका ने अपनी हैट्रिक पूरी की। हालांकि, 15वें मिनट में चीन की फेंग किंगमियाओ ने पेनाल्टी कॉर्नर के जरिए गोल कर स्कोर 3-1 किया।

हाफ टाइम तक भारत ने बनाई 5-1 की अजेय बढ़त

दूसरे क्वार्टर में भी भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा कायम रहा। 19वें मिनट में लालरेम्सियामी ने शानदार मैदानी गोल दागा, जबकि 22वें मिनट में नेहा ने पेनाल्टी कॉर्नर पर रिबाउंड को गोल में तब्दील कर हाफ टाइम तक स्कोर 5-1 कर दिया। तीसरे क्वार्टर की शुरुआत में चीन ने हमले तेज किए, लेकिन गोलकीपर बिचू देवी ने बेहतरीन बचाव किया। 33वें मिनट में साक्षी राणा ने हवाई पास को नियंत्रित कर दमदार शॉट के जरिए भारत का छठा गोल दागा। अंतिम समय में चीन एक और गोल करने में सफल रहा, लेकिन भारत ने 6-2 से मुकाबला अपने नाम कर लिया।

अंक तालिका में शीर्ष पर भारत, कल जापान से भिड़ंत

लगातार चौथी जीत के साथ भारत 12 अंक लेकर अंक तालिका में शीर्ष पर मजबूत हो गया है। दिन के अन्य मुकाबलों में दक्षिण कोरिया ने थाईलैंड को 1-0 से और जापान ने मलेशिया को 3-1 से हराया। भारत अब बुधवार शाम 7 बजे अपने अंतिम राउंड-रॉबिन मुकाबले में अजेय चल रही जापानी टीम (12 अंक) के खिलाफ मैदान में उतरेगा।

Share.
Next Story
झारखंड हाईकोर्ट के नए मुख्य न्यायाधीश होंगे जस्टिस विभु बखरू, सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने की सिफारिश
Exit mobile version