रांची: झारखंड के स्कूली विद्यार्थियों को अपनी गायन और नृत्य प्रतिभा दिखाने का मंच मिलने जा रहा है। स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के अंतर्गत झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद की ओर से आयोजित ‘झारखंड स्कूल आइडल–2026 : सुर और ताल संग्राम’ का ग्रैंड फिनाले कल, 31 अक्टूबर को रांची के ऑड्रे हाउस में आयोजित होगा। कार्यक्रम सुबह 11 बजे शुरू होगा, जबकि शाम 4 बजे पुरस्कार वितरण समारोह होगा।
इस प्रतियोगिता में राज्य के पांचों प्रमंडलों से चयनित विद्यार्थी हिस्सा लेंगे। ग्रैंड फिनाले के लिए कुल 40 प्रतिभागियों का चयन किया गया है। इससे पहले 28 और 29 अक्टूबर को झारखंड शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (JCERT) में एलिमिनेशन राउंड आयोजित किया गया था। इसमें कुल 96 प्रतिभागियों ने गायन और नृत्य में अपनी प्रतिभा दिखाई। बेहतर प्रदर्शन करने वाले 40 प्रतिभागियों ने फाइनल में जगह बनाई है।
प्रतियोगिता में कक्षा 6 से 8 और कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए अलग-अलग वर्ग बनाए गए हैं। दोनों वर्गों में बालक और बालिकाओं की अलग-अलग श्रेणियां होंगी। इस तरह कुल चार श्रेणियों में गायन और नृत्य की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
ग्रैंड फिनाले में प्रतिभागियों को अपनी कला और हुनर दिखाने का मौका मिलेगा। प्रतियोगिता में प्रथम पांच स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।
