ऑड्रे हाउस में राष्ट्रीय युवा महोत्सव 2027 के तहत जिला स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित, लोकगीत-नृत्य से लेकर चित्रकला और कविता लेखन में युवाओं ने दिखाया दमखम
रांची। विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका को मजबूत करने और उनकी रचनात्मक प्रतिभा को मंच देने के उद्देश्य से ऑड्रे हाउस, रांची में राष्ट्रीय युवा महोत्सव 2027 के अंतर्गत ‘विकसित भारत यंग लीडर डायलॉग’ की जिला स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी सांस्कृतिक, कलात्मक एवं रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के दौरान सामूहिक लोक नृत्य, सामूहिक लोकगीत, नुक्कड़ नाटक, चित्रकला और कविता लेखन जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।
युवाओं को बताया विकसित भारत की ताकत
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि उप विकास आयुक्त (डीडीसी) रांची संजय भगत ने किया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में एसडीओ रांची कुमार रजत, एडीएम (लॉ एंड ऑर्डर) धनंजय कुमार और डॉ. भावना अंबस्था उपस्थित रहे। अतिथियों ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। ऐसे आयोजन न केवल युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देते हैं, बल्कि उनमें नेतृत्व क्षमता और सामूहिक सहभागिता की भावना भी विकसित करते हैं।
विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने मारी बाजी
प्रतियोगिता के परिणामों में नुक्कड़ नाटक में रंग दर्पण ने प्रथम, मास कम्युनिकेशन ने द्वितीय और डीएसपीएमयू ने तृतीय स्थान हासिल किया। सामूहिक लोकगीत में संदीप कंडुलना प्रथम, आदित्य सिंह द्वितीय और राजेश रोशन उरांव तृतीय स्थान पर रहे। वहीं, सामूहिक लोक नृत्य में मंगल एंड ग्रुप ने पहला, सुशांति एंड ग्रुप ने दूसरा और खुशी एंड ग्रुप ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
कविता लेखन प्रतियोगिता में निहारिका शुक्ला ने प्रथम, पूजा तिवारी ने द्वितीय और करण कुमार ने तृतीय स्थान हासिल किया। चित्रकला प्रतियोगिता में चैताली कुंडू प्रथम, चंदन कुमार साहू द्वितीय और रक्षानंदा नूर तृतीय स्थान पर रहीं।
आयोजन में इनकी रही अहम भूमिका
कार्यक्रम के सफल संचालन एवं आयोजन में जिला खेल पदाधिकारी शिवेंद्र कुमार सिंह, डॉ. ऋतु राज, डॉ. कमल बोस, डॉ. गौरव अग्रवाल, आशीष बनर्जी, मुकेश सहित आयोजन समिति के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
समापन समारोह में जिला खेल पदाधिकारी शिवेंद्र कुमार सिंह, डॉ. ऋतु राज, सुश्री श्वेता सिंह, डॉ. कमल बोस और डॉ. गौरव अग्रवाल उपस्थित रहे। इस दौरान विजेता प्रतिभागियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं। साथ ही प्रतियोगिता में शामिल सभी युवाओं के प्रयासों की सराहना की गई।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को अपनी सांस्कृतिक, कलात्मक और रचनात्मक क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर देना तथा उन्हें विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना रहा।
