Tuesday, November 24
-27 नवंबर को सेवानिवृत्त हो रहे वर्तमान चीफ जस्टिस एमएस सोनक की लेंगे जगह
-वर्तमान में कर्नाटक हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के पद पर दे रहे हैं सेवा

झारखंड हाईकोर्ट को नया मुख्य न्यायाधीश मिलने जा रहा है। सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने कर्नाटक हाईकोर्ट के वर्तमान चीफ जस्टिस विभु बखरू को झारखंड हाईकोर्ट का नया मुख्य न्यायाधीश नियुक्त करने की सिफारिश की है। वे वर्तमान मुख्य न्यायाधीश जस्टिस एमएस सोनक का स्थान लेंगे, जो आगामी 27 नवंबर को सेवानिवृत्त हो रहे हैं।

जानें कौन हैं जस्टिस विभु बखरू

जस्टिस विभु बखरू का जन्म 2 नवंबर 1966 को महाराष्ट्र के नागपुर में हुआ था। उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा नई दिल्ली के मथुरा रोड स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) से पूरी की। इसके बाद 1987 में दिल्ली विश्वविद्यालय से बी.कॉम (ऑनर्स) की डिग्री हासिल की। कानून के क्षेत्र में आने से पहले उन्होंने 1989 में चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) की परीक्षा पास की और 1990 में एलएलबी (LL.B.) की उपाधि प्राप्त की।

वकालत से मुख्य न्यायाधीश तक का सफर: प्रमुख उपलब्धियां

वकालत की शुरुआत (1990): सितंबर 1990 में दिल्ली बार काउंसिल में पंजीकरण के बाद सुप्रीम कोर्ट, दिल्ली हाईकोर्ट और कंपनी लॉ बोर्ड में वकालत शुरू की। वाणिज्यिक (Commercial) और मध्यस्थता (Arbitration) कानूनों में उन्हें विशेषज्ञता हासिल रही।

वरिष्ठ अधिवक्ता (2011): जुलाई 2011 में दिल्ली उच्च न्यायालय द्वारा उन्हें ‘वरिष्ठ अधिवक्ता’ (Senior Advocate) नामित किया गया।

दिल्ली हाईकोर्ट में न्यायाधीश (2013-2025): 17 अप्रैल 2013 को दिल्ली हाईकोर्ट के अतिरिक्त न्यायाधीश और 18 मार्च 2015 को स्थायी न्यायाधीश नियुक्त हुए। उन्होंने दिसंबर 2024 से जनवरी 2025 तक दिल्ली हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश (Acting Chief Justice) की जिम्मेदारी भी संभाली।

कर्नाटक हाईकोर्ट की कमान (2025): 19 जुलाई 2025 को उन्होंने कर्नाटक उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ ली, जिसके बाद अब कॉलेजियम ने उनके झारखंड स्थानांतरण की अनुशंसा की है।

Share.
Next Story
चीन पर 6-2 की सबसे बड़ी जीत, रैंकिंग में 5वें पायदान पर चमकी भारत की बेटियां, कल जापान से मुकाबला
Exit mobile version