रांची: झारखंड के छात्र-छात्राओं के लिए राहत की खबर है। राज्य सरकार ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति (E-Kalyan Scholarship) के ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। अब पात्र विद्यार्थी 31 दिसंबर 2026 तक छात्रवृत्ति के लिए आवेदन कर सकेंगे। पहले आवेदन की अंतिम तिथि 27 नवंबर 2026 निर्धारित थी।
इस संबंध में आदिवासी कल्याण आयुक्त कार्यालय, झारखंड, रांची की ओर से आधिकारिक सूचना जारी की गई है। नई तिथि के अनुसार अनुसूचित जनजाति (ST), अनुसूचित जाति (SC) और पिछड़ा वर्ग (BC/OBC) के छात्र-छात्राएं अब 31 दिसंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
इसके साथ ही जिला नोडल पदाधिकारियों (DNO) द्वारा आवेदनों के सत्यापन की समय-सीमा भी 31 दिसंबर 2026 तक बढ़ा दी गई है।
सरकार के इस फैसले से उन विद्यार्थियों को राहत मिलेगी, जो किसी कारणवश निर्धारित समय तक आवेदन नहीं कर पाए थे। ऐसे में पात्र छात्र-छात्राओं को सलाह दी गई है कि अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना जल्द से जल्द अपना आवेदन पूरा कर लें।
