Saturday, November 21

रांची। झारखंड सरकार ने वर्ष 2027 के लिए सरकारी कार्यालयों, सरकारी उपक्रमों और राष्ट्रीयकृत बैंकों में मिलने वाली छुट्टियों की सूची जारी कर दी है। इसमें विभिन्न त्योहारों, राष्ट्रीय पर्वों और अन्य महत्वपूर्ण अवसरों पर सार्वजनिक अवकाश घोषित किए गए हैं। कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग के प्रस्ताव को कैबिनेट की मंजूरी मिलने के बाद यह सूची जारी की गई है।

जारी सूची के अनुसार, अगले साल एनआई एक्ट, 1881 की धारा 25 के तहत कुल 23 दिन राजपत्रित अवकाश रहेंगे। इसमें होली, सरहुल, रामनवमी, बकरीद, मुहर्रम, जन्माष्टमी, दुर्गा पूजा, दीपावली, छठ और क्रिसमस जैसे प्रमुख पर्व शामिल हैं। खास बात यह है कि अक्टूबर और मार्च महीने में सबसे अधिक पांच-पांच दिन छुट्टियां रहेंगी।

दुर्गा पूजा पर लगातार चार दिन की छुट्टी, छठ पर दो दिन अवकाश

वर्ष 2027 में दुर्गा पूजा के अवसर पर 7 अक्टूबर को महाअष्टमी, 8 अक्टूबर को महानवमी और 9 अक्टूबर को विजयादशमी की छुट्टी रहेगी। इसके अगले दिन 10 अक्टूबर को रविवार होने के कारण सरकारी कर्मचारियों को लगातार चार दिनों का अवकाश मिलेगा।

वहीं, लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के लिए भी दो दिन की छुट्टी घोषित की गई है। 4 नवंबर को संध्या अर्घ्य और 5 नवंबर को प्रातः अर्घ्य के अवसर पर अवकाश रहेगा। इससे छठ पर्व मनाने वाले लोगों को तैयारी और पूजा के लिए पर्याप्त समय मिल सकेगा।

झारखंड में वर्ष 2027 के राजपत्रित अवकाश की पूरी सूची

त्योहार और अवसर तिथि दिन
गणतंत्र दिवस 26 जनवरी मंगलवार
महाशिवरात्रि 6 मार्च शनिवार
ईद-उल-फितर 10 मार्च बुधवार
होलिका दहन 22 मार्च सोमवार
होली 23 मार्च मंगलवार
गुड फ्राइडे 26 मार्च शुक्रवार
सरहुल 9 अप्रैल शुक्रवार
अंबेडकर जयंती 14 अप्रैल बुधवार
रामनवमी 15 अप्रैल गुरुवार
महावीर जयंती 19 अप्रैल सोमवार
ईद-उल-जुहा (बकरीद) 17 मई सोमवार
बुद्ध पूर्णिमा / पं. रघुनाथ मुर्मू जयंती 20 मई गुरुवार
मुहर्रम 16 जून बुधवार
जन्माष्टमी 25 अगस्त बुधवार
करमा पूजा 11 सितंबर शनिवार
महात्मा गांधी जयंती 2 अक्टूबर शनिवार
महाअष्टमी 7 अक्टूबर गुरुवार
महानवमी 8 अक्टूबर शुक्रवार
विजयादशमी 9 अक्टूबर शनिवार
दीपावली 29 अक्टूबर शुक्रवार
छठ पूजा – संध्या अर्घ्य 4 नवंबर गुरुवार
छठ पूजा – प्रातः अर्घ्य 5 नवंबर शुक्रवार
क्रिसमस 25 दिसंबर शनिवार

रविवार को पड़ने वाले पर्वों पर अलग से छुट्टी नहीं

अवकाश सूची में यह भी स्पष्ट किया गया है कि स्वतंत्रता दिवस, मिलाद-उन-नबी (ईद-ए-मिलाद) और गुरु नानक जयंती रविवार को पड़ने के कारण इनके लिए अलग से अवकाश घोषित नहीं किया गया है। हालांकि, जिन सरकारी प्रतिष्ठानों और संस्थानों में रविवार को कार्यदिवस होता है, वहां इन अवसरों पर अवकाश रहेगा।

इस तरह वर्ष 2027 में मार्च और अक्टूबर महीने में सबसे अधिक पांच-पांच राजपत्रित छुट्टियां पड़ेंगी। वहीं, दुर्गा पूजा और छठ जैसे प्रमुख त्योहारों के दौरान घोषित अवकाश से सरकारी कर्मचारियों को विशेष राहत मिलेगी।

Share.
Next Story
23 नवंबर से शुरू होगा द्वितीय राजकीय रामरेखा महोत्सव, तीन दिनों तक सिमडेगा में जुटेंगे श्रद्धालु
Exit mobile version