पुलिस की लगातार छापेमारी के दबाव में बिहार से लौटा था आरोपी, डोमायडीह के महाराजा होटल में ले रखी थी शरण
गिरिडीह। धनवार थाना क्षेत्र में मो. हैदर अली की हत्या के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी मो. सनाउल्लाह अंसारी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस की विशेष टीम ने उसे धनवार थाना क्षेत्र के डोमायडीह स्थित महाराजा होटल से पकड़ा।
पुलिस के अनुसार, मो. हैदर अली की मारपीट करने के बाद गला दबाकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में धनवार थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। घटना के बाद से ही प्राथमिकी अभियुक्त मो. सनाउल्लाह अंसारी फरार था। वह बिहार के नवादा में छिपकर रह रहा था।
पुलिस अधीक्षक को आरोपी के नवादा में छिपे होने की गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद एक विशेष टीम गठित कर उसे पकड़ने के लिए नवादा भेजी गई। वहां पुलिस की लगातार छापेमारी के दबाव में आरोपी वापस गिरिडीह लौट आया और डोमायडीह के महाराजा होटल में छिप गया। इसकी सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई की और उसे गिरफ्तार कर लिया।
