रांची, 31 अगस्त: झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन की प्रथम आमसभा सोमवार को हरमू रोड स्थित मारवाड़ी भवन में आयोजित हुई। बैठक में रांची, धनबाद, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, देवघर, रामगढ़ और खूंटी समेत विभिन्न जिलों से आए पदाधिकारियों, कार्यकारिणी सदस्यों और प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। सम्मेलन के अध्यक्ष सुरेश चंद्र अग्रवाल ने सभी सदस्यों का स्वागत किया।
आमसभा में संशोधित संविधान, सामाजिक आचार संहिता, सम्मेलन के आय-व्यय और संगठन से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई। बैठक में सबसे प्रमुख मुद्दा पूर्व निर्वतमान अध्यक्ष बसंत मित्तल द्वारा मारवाड़ी ट्रस्ट को दिए गए 25 लाख रुपये की वापसी का रहा।
अध्यक्ष सुरेश चंद्र अग्रवाल ने सभा को बताया कि सम्मेलन की ओर से पिछले एक वर्ष से पत्राचार और चर्चा के माध्यम से मारवाड़ी ट्रस्ट से उक्त राशि वापस करने का आग्रह किया जा रहा है, लेकिन अब तक राशि सम्मेलन को प्राप्त नहीं हुई है। इस मामले में अध्यक्ष के आग्रह पर आमसभा ने एक महीने और प्रयास करने पर सर्वसम्मति से सहमति जताई। साथ ही सम्मेलन कार्यालय और बकाया राशि से जुड़े मामले में आगे की कार्रवाई के लिए अनुशासन समिति के संयोजक सह उपाध्यक्ष कृष्णा अग्रवाल को अधिकृत किया गया।
संशोधित संविधान सर्वसम्मति से पारित
बैठक में देवघर कार्यकारिणी द्वारा अनुमोदित संशोधित संविधान का प्रस्ताव संयोजक कमल केडिया ने रखा। इस पर मुकेश मित्तल, दीपेश निराला, राज कुमार शर्मा, प्रमोद सारस्वत, कौशल राजगढ़िया, महेश पोद्दार और प्रकाश पटवारी सहित सदस्यों ने अपने सुझाव दिए। चर्चा के बाद कुछ बिंदुओं में संशोधन और शुद्धिकरण करते हुए संविधान को आमसभा ने सर्वसम्मति से पारित कर दिया।
आय-व्यय का ब्यौरा भी हुआ पारित
सम्मेलन के कोषाध्यक्ष मनोज चौधरी ने वित्तीय वर्ष 2025-26 का अंकेक्षित आय-व्यय विवरण सभा के समक्ष प्रस्तुत किया। सदस्यों ने चर्चा के बाद इसे सर्वसम्मति से पारित कर दिया। वहीं वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए सीए एनके डोकानिया को अंकेक्षक नियुक्त करने का निर्णय भी सर्वसम्मति से लिया गया।
सामाजिक आचार संहिता पर भी चर्चा
समाज हित में तैयार की गई सामाजिक आचार संहिता का प्रस्ताव संयोजक महेश पोद्दार ने आमसभा के समक्ष रखा। अध्यक्ष और सदस्यों ने इसकी सराहना की। सम्मेलन की ओर से इसे जल्द ही मीडिया, पत्राचार और पत्रिकाओं के माध्यम से समाज के लोगों तक पहुंचाने की बात कही गई।
इस दौरान विभिन्न जिलों में बेहतर कार्य करने वाले मारवाड़ी सम्मेलन की जिला इकाइयों को भी सम्मानित किया गया। पूर्वी सिंहभूम, रांची, धनबाद, कोडरमा, देवघर और पश्चिमी सिंहभूम जिला सम्मेलन को अध्यक्ष की ओर से मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। वहीं सदस्यता विस्तार में योगदान के लिए नेहा पटवारी को भी सम्मानित किया गया।
बैठक में दीपेश निराला ने लंबे समय से कार्यालय में रखी डॉ. राम मनोहर लोहिया की प्रतिमा को जल्द स्थापित करने का सुझाव दिया। इस पर भी चर्चा हुई।
नए कार्यालय के लिए जगह उपलब्ध
धन्यवाद ज्ञापन करते हुए वरीय उपाध्यक्ष ललित कुमार पोद्दार ने बताया कि मारवाड़ी सहायक समिति की ओर से अपने परिसर में झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन को कार्यालय के लिए जगह उपलब्ध कराई गई है। इसके लिए सम्मेलन ने समिति के प्रति आभार जताया। वहीं मारवाड़ी सहायक समिति के बहुउद्देशीय सभागार के नवनिर्माण के लिए प्रांतीय सम्मेलन की ओर से 2.51 लाख रुपये की राशि प्रदान की गई।
बैठक में अध्यक्ष सुरेश चंद्र अग्रवाल, वरीय उपाध्यक्ष ललित कुमार पोद्दार, पवन कुमार पोद्दार, प्रमोद छावछरिया, कृष्णा अग्रवाल, महामंत्री विनोद कुमार जैन, संयुक्त महामंत्री प्रमोद सारस्वत, कौशल राजगढ़िया, अनिल अग्रवाल, विमल अग्रवाल, मनोज चौधरी समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे। अंत में राष्ट्रगान के साथ आमसभा को अगली बैठक तक के लिए स्थगित कर दिया गया।
