-चार बार मझगांव विधानसभा सीट से जीत चुके निरल पूर्ति के नाम पर चयन समिति ने लगाई मुहर
-22 नवंबर को विधानसभा के 26वें स्थापना दिवस समारोह में किया जाएगा सम्मानित
रांची: झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के वरिष्ठ नेता और मझगांव विधानसभा क्षेत्र से चार बार विधायक रह चुके निरल पूर्ति को वर्ष 2026 के लिए झारखंड विधानसभा का ‘उत्कृष्ट विधायक’ चुना गया है। विधानसभा की उत्कृष्ट विधायक चयन समिति की बैठक में उनके नाम पर सहमति बनी। इस घोषणा के बाद झामुमो कार्यकर्ताओं और उनके समर्थकों में खुशी का माहौल है।
निरल पूर्ति को यह सम्मान आगामी 22 नवंबर 2026 को झारखंड विधानसभा के 26वें स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित समारोह में प्रदान किया जाएगा। इस कार्यक्रम में उन्हें उनके विधायी कार्यों और सदन में सक्रिय भूमिका के लिए सम्मानित किया जाएगा।
जाने कौन हैं निरल पूर्ति
निरल पूर्ति पश्चिम सिंहभूम जिले की मझगांव विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व करते हैं। यह अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित सीट है। उनका राजनीतिक सफर काफी पुराना रहा है। उन्होंने वर्ष 2005, 2014, 2019 और 2024 के विधानसभा चुनावों में जीत दर्ज कर चार बार इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया है। क्षेत्र की राजनीति में उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है।
सदन में सक्रियता बनी चयन का आधार
उत्कृष्ट विधायक के चयन में विधानसभा के भीतर विधायकों की सक्रियता, जनहित से जुड़े मुद्दों को उठाने, संसदीय परंपराओं और मर्यादाओं के पालन सहित सदन में उनकी भूमिका को ध्यान में रखा जाता है। इन्हीं पहलुओं के आधार पर चयन समिति ने निरल पूर्ति के नाम पर मुहर लगाई है। इस सम्मान के जरिए विधानसभा में उनके योगदान और जनप्रतिनिधि के रूप में उनकी भूमिका को पहचान मिली है। अब 22 नवंबर को स्थापना दिवस समारोह में उन्हें औपचारिक रूप से सम्मानित किया जाएगा।
विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्रनाथ महतो की अध्यक्षता में गठित चयन समिति में कुल 9 सदस्य शामिल थे ।
झारखंड विधानसभा के उत्कृष्ट विधायक का चयन एक विशेष समिति के माध्यम से किया जाता है। इस समिति की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्रनाथ महतो ने किया। समिति में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष इंदर सिंह नामधारी, विधायक स्टीफन मरांडी, रामचंद्र सिंह और सुरेश पासवान सदस्य के रूप में शामिल थे । इसके अलावा वरिष्ठ पत्रकार विनय कुमार को भी समिति में सदस्य बनाया गया है। वहीं, झारखंड विधानसभा के प्रभारी सचिव रंजीत कुमार समिति के सदस्य सचिव थे।
2001 में शुरू हुआ था उत्कृष्ट विधायक सम्मान
झारखंड विधानसभा में उत्कृष्ट विधायक सम्मान देने की परंपरा वर्ष 2001 में शुरू हुई थी। इस सम्मान के तहत विधानसभा में बेहतर कार्य करने, सदन की कार्यवाही में सक्रिय भागीदारी निभाने और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने वाले विधायकों को सम्मानित किया जाता है। विधानसभा की आधिकारिक सूची के अनुसार, वर्ष 2025 तक 21 विधायकों को यह सम्मान मिल चुका है। वर्ष 2026 में निरल पूर्ति के चयन के बाद यह संख्या बढ़कर 22 हो जाएगी।
जानिए,अब तक किन विधायकों को मिल चुका है उत्कृष्ट विधायक सम्मान
झारखंड विधानसभा में वर्ष 2009, 2014, 2019 और 2024 में उत्कृष्ट विधायक सम्मान नहीं दिया गया। इन वर्षों में विधानसभा चुनाव होने के कारण यह पुरस्कार नहीं दिया गया था। वर्ष 2025 में धनबाद के भाजपा विधायक राज सिन्हा को इस सम्मान के लिए चुना गया था। अब वर्ष 2026 में मझगांव के विधायक निरल पूर्ति का चयन हुआ है। उन्हें 22 नवंबर को विधानसभा के 26वें स्थापना दिवस समारोह में सम्मानित किया जाएगा।
इन कर्मियों को भी किया जाएगा सम्मानित
उन्होंने उत्कृष्ट विधायक निरल पूर्ति के नाम की घोषणा के बाद विधानसभा सचिवालय में कार्यरत कर्मियों के नाम की भी घोषणा की जिन्हें बेहतरीन कार्यों के लिए स्थापना दिवस के अवसर पर सम्मानित किया जाएगा. सम्मानित होने वाले विधानसभाकर्मियों में विधानसभा की उपसचिव किरण सुमन बाखला, विधासभा की डिप्टी सेक्रेटरी सुषमा सिंह, विधानसभा अधीक्षक मोहम्मद अली खान, विधानसभा ट्रेजरी के शिवराज राम और अनुसेवक संजय कुमार मेहता शामिल हैं.
जानिए, अब तक किन विधायकों को मिल चुका है उत्कृष्ट विधायक सम्मान
| वर्ष | विधायक का नाम | वर्ष | विधायक का नाम | वर्ष | विधायक का नाम |
|---|---|---|---|---|---|
| 2001 | विश्वेश्वर खां | 2002 | हेमलाल मुर्मू | 2003 | राजेंद्र प्रसाद सिंह |
| 2004 | लोकनाथ महतो | 2005 | अन्नपूर्णा देवी | 2006 | राधाकृष्ण किशोर |
| 2007 | पशुपति नाथ सिंह | 2008 | इंदर सिंह नामधारी | 2010 | जनार्दन पासवान |
| 2011 | माधव लाल सिंह | 2012 | रघुवर दास | 2013 | लोबिन हेम्ब्रम |
| 2015 | प्रदीप यादव | 2016 | स्टीफन मरांडी | 2017 | विमला प्रधान |
| 2018 | मेनका सरदार | 2020 | नलिन सोरेन | 2021 | रामचंद्र चंद्रवंशी |
| 2022 | विनोद कुमार सिंह | 2023 | रामचंद्र सिंह | 2025 | राज सिन्हा |


