15 और 16 नवंबर को भारी वाहनों के प्रवेश पर रहेगी रोक, कई प्रमुख सड़कों पर वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित…श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए ट्रैफिक पुलिस ने जारी किया विशेष आदेश
रांची : छठ महापर्व के मद्देनजर राजधानी रांची में यातायात व्यवस्था में व्यापक बदलाव किया गया है। व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा तथा शहर में जाम की स्थिति से बचने के लिए यातायात पुलिस ने 15 और 16 नवंबर को विशेष ट्रैफिक प्लान लागू करने का निर्णय लिया है। इस दौरान शहर के कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। वहीं, भारी और छोटे मालवाहक वाहनों के परिचालन पर भी निर्धारित समय के लिए रोक लगाई गई है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शहर में 13 स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
यातायात पुलिस की ओर से जारी आदेश के अनुसार, 15 नवंबर को सुबह 8 बजे से रात 11 बजे तक तथा 16 नवंबर को सुबह 2 बजे से सुबह 10 बजे तक भारी मालवाहक वाहनों का शहर में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। हालांकि, ऐसे वाहन रिंग रोड के रास्ते अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे। इस दौरान नो-एंट्री का समय पूर्ववत लागू रहेगा। इसके अलावा 15 नवंबर को दोपहर 2 बजे से रात 8 बजे तक छोटे मालवाहक वाहनों के शहर में प्रवेश और परिचालन पर भी रोक रहेगी।
कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों का परिचालन बंद
छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए 15 नवंबर को दोपहर 3 बजे से रात 8 बजे तक चांदनी चौक कांके से राम मंदिर के बीच ऑटो और ई-रिक्शा का परिचालन बंद रहेगा। फिरायालाल से चडरी तालाब की ओर जाने वाली सड़क तथा जेल चौक से फिरायालाल जाने वाली सड़क पर सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।
इसी तरह रणधीर वर्मा चौक से राजभवन, सीएमपीडीआई चौक से कांके डैम, ओधड़ बाबा आश्रम और छोटा तालाब से उर्दू लाइब्रेरी होते हुए बड़ा तालाब जाने वाले मार्ग पर भी वाहनों का परिचालन बंद रहेगा। जैन मंदिर कटिंग से महिला कॉलेज होते हुए बड़ा तालाब तथा लक्ष्मीनारायण मंदिर से ओधड़ बाबा आश्रम जाने वाले रास्तों पर भी प्रतिबंध लागू रहेगा।
इसके अलावा जुडिशियल अकादमी और सिटीओ बस्ती (अंजली होटल) से धुर्वा डैम छठ घाट जाने वाली सड़क पर भी वाहनों की आवाजाही नियंत्रित की जाएगी।
13 स्थानों पर बनाई गई पार्किंग व्यवस्था
श्रद्धालुओं को अपने वाहन खड़े करने में परेशानी न हो, इसके लिए यातायात पुलिस ने शहर में 13 स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था निर्धारित की है। इनमें रणधीर वर्मा चौक से हटानिया तालाब मार्ग पर नगर निगम पार्क के सामने और सड़क किनारे, एसएनपी आवास चौक मार्ग, जाकिर हुसैन पार्क मार्ग पर नयाबाजार और वेजिटेबल मार्केट पार्किंग शामिल हैं।
इसके अलावा राम मंदिर-कांके डैम मार्ग पर सीएमपीडीआई, गांधी नगर और रॉक गार्डन, शालीमार बाजार, शहीद मैदान, जेल चौक के पास, लालपुर यातायात थाना के समीप, सर्जना चौक से फिरायालाल के बीच, चुटिया में सरस्वती शिशु मंदिर के बगल, बनस तालाब, किशोरगंज चौक मार्ग और देवेंद्र मांझी चौक के पास पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
आपातकालीन वाहनों को मिलेगी छूट
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आवश्यकता पड़ने पर शहर के अन्य मार्गों पर भी कुछ समय के लिए वाहनों को डायवर्ट किया जा सकता है या आवाजाही रोकी जा सकती है। हालांकि, एंबुलेंस, दमकल और अन्य आपातकालीन सेवाओं से जुड़े वाहनों को इन प्रतिबंधों से छूट दी गई है।
पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें और यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करें, ताकि छठ महापर्व के दौरान शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और व्रतियों को घाटों तक पहुंचने में किसी तरह की परेशानी न हो।
