हजारीबाग: झारखंड के हजारीबाग में बुधवार सुबह राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने बड़ी कार्रवाई की। बड़ा बाजार थाना क्षेत्र के हुरहुरु इलाके में जांच एजेंसी की टीम ने दो भाइयों के घर छापेमारी की। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, NIA की टीम उदय साव और प्रदीप साव के आवास पर पहुंचकर जांच-पड़ताल कर रही है। सुबह-सुबह हुई इस कार्रवाई के बाद इलाके में चर्चा तेज हो गई है।
जानकारी के मुताबिक, NIA की टीम दो वाहनों से मौके पर पहुंची। इसके बाद टीम के सदस्य दोनों भाइयों के घरों के अंदर दाखिल हुए और गेट बंद कर तलाशी शुरू की। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई जाली नोट के नेटवर्क से जुड़े मामले में की जा रही है। जांच एजेंसी को इस नेटवर्क से जुड़े संभावित साक्ष्यों की तलाश है।
दस्तावेजों और संदिग्ध साक्ष्यों की जांच
छापेमारी के दौरान NIA की टीम घरों में रखे दस्तावेजों और अन्य संदिग्ध साक्ष्यों की बारीकी से पड़ताल कर रही है। जांच का उद्देश्य जाली नोट के नेटवर्क से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाना बताया जा रहा है। हालांकि, इस कार्रवाई के संबंध में जांच एजेंसी की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
बरामदगी और गिरफ्तारी की जानकारी नहीं
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि छापेमारी के दौरान NIA की टीम को क्या-क्या मिला है। इस मामले में किसी की गिरफ्तारी हुई है या नहीं, इसकी भी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। जांच पूरी होने और एजेंसी की ओर से जानकारी दिए जाने के बाद ही कार्रवाई से जुड़ी अन्य बातें स्पष्ट हो सकेंगी।
