जिस First AC कोच में आमतौर पर आरामदायक सफर की उम्मीद की जाती है, वहीं शराब की बड़ी खेप मिलने से हड़कंप मच गया। 75 लीटर शराब के साथ नेहा कुमारी उर्फ नेहा झा की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस उसके संपर्कों और दरभंगा कनेक्शन की पड़ताल कर रही है। मामला नई दिल्ली से जयनगर जाने वाली स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस की है। ट्रेन के H-1 कोच के एक कूपे में नेहा अपने जीजा ईशान कुमार के साथ सफर कर रही थी। रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों के पास वैध यात्रा टिकट नहीं था। पुलिस को वाराणसी से सूचना मिली थी कि AC First के कूपे में शराब की खेप ले जाई जा रही है। समस्तीपुर स्टेशन पहुंचने पर RPF, GRP और CIB की संयुक्त टीम ने कूपे की तलाशी ली।
बैग और ब्रीफकेस से मिली 75 लीटर शराब
तलाशी के दौरान नेहा के बैग और ब्रीफकेस से अलग-अलग कंपनियों की करीब 75 लीटर शराब बरामद होने का दावा पुलिस ने किया। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब कहां से खरीदी गयी थी और ट्रेन में चढ़ाने के बाद इसे किस व्यक्ति तक पहुंचाया जाना था।
दरभंगा में डॉक्टरों और रसूखदारों तक शराब पहुंचाने का आरोप
जांच के दौरान नेहा को लेकर एक और गंभीर जानकारी सामने आने की बात कही जा रही है। पुलिस के मुताबिक नेहा मेडिकल रिप्रजेंटेटिव के तौर पर काम करने की आड़ में दरभंगा में कुछ डॉक्टरों और रसूखदार लोगों तक ब्रांडेड शराब पहुंचाती थी। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है और पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है। अगर यह आरोप जांच में सही साबित होता है तो मामला ट्रेन में शराब बरामदगी से कहीं बड़ा हो सकता है। यही वजह है कि जीआरपी और आरपीएफ इस मामले में संपर्कों की पड़ताल कर रही हैं।
पिता और बहन के खिलाफ भी शराब मामले में जुड़ी केस है
पुलिस जांच में नेहा के पारिवारिक सदस्यों से जुड़ी कुछ पुरानी जानकारियां भी सामने आयी हैं। बताया गया है कि उसके पिता पंकज कुमार झा खेती-किसानी करते हैं और करीब दो साल पहले उनके खिलाफ भी शराब से जुड़ी कार्रवाई हुई थी। वहीं, नेहा की मां आंगनबाड़ी केंद्र में सेविका हैं।
इसके अलावा पुलिस को यह जानकारी भी मिली है कि नेहा की एक बहन के खिलाफ दरभंगा में शराब तस्करी से जुड़ा मामला दर्ज है। हालांकि, किसी रिश्तेदार के खिलाफ दर्ज पुराने मामले के आधार पर नेहा को दोषी नहीं माना जा सकता। मौजूदा मामले में उसकी भूमिका बरामद शराब और जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर ही तय होगी।
शराब के स्रोत से डिलीवरी तक की तलाश
First AC जैसे कोच में इतनी बड़ी मात्रा में शराब मिलने के बाद पुलिस के सामने कई सवाल हैं। शराब ट्रेन तक कैसे पहुंची, इसे किसने उपलब्ध कराया, किसके निर्देश पर ले जायी जा रही थी और इसकी डिलीवरी किसे होनी थी इन सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है।
फिलहाल नेहा के खिलाफ बरामदगी के आधार पर कार्रवाई की गयी है। पुलिस की आगे की जांच और उपलब्ध साक्ष्यों से ही यह स्पष्ट होगा कि इस मामले में उसके अलावा और कौन-कौन लोग शामिल हैं और कथित शराब तस्करी का नेटवर्क कितना बड़ा है।
इसे भी पढ़े – Wedding तो सुना था यह Fake Wedding क्या है ?
