मंगरदाहा घाटी में आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में थे आरोपी; पुलिस ने दो देसी पिस्टल, 12 जिंदा कारतूस, एक खोखा और दो मोबाइल फोन किए बरामद।
पलामू। पलामू में पुलिस ने बड़ी आपराधिक घटना की साजिश को नाकाम करने का दावा किया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर की गई कार्रवाई में राहुल दुबे गैंग से जुड़े चार संदिग्ध अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, ये सभी मंगरदाहा घाटी में किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे थे।
सूचना मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सदर मेदिनीनगर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राजेश यादव के नेतृत्व में छापामारी दल बनाया गया। पुलिस टीम ने मंगरदाहा घाटी स्थित कचड़ा डिपो के पास कार्रवाई की। पुलिस बल को देखकर भागने की कोशिश कर रहे चार युवकों को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।
तलाशी में मिले दो देसी पिस्टल और 12 गोलियां
पकड़े गए युवकों की तलाशी लेने पर पुलिस को दो देसी पिस्टल, दो मैगजीन, 12 जिंदा कारतूस और एक खोखा मिला। इसके अलावा रेडमी और वीवो कंपनी के दो स्क्रीन टच मोबाइल फोन भी बरामद किए गए। पुलिस ने सभी सामान जब्त कर लिया है।
राहुल दुबे गैंग के लिए काम करने की बात कही
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपी सईद मोसाहिद उर्फ छोटू ने बताया कि वे राहुल दुबे गैंग के लिए काम करते हैं। आरोपियों की योजना लहलहे में चल रहे एक कंस्ट्रक्शन साइट पर जाकर लेवी की मांग करने और इसके लिए फायरिंग करने की थी। पुलिस इस मामले में आरोपियों से पूछताछ कर आगे की जांच कर रही है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
पुलिस ने जिन चार युवकों को गिरफ्तार किया है, उनकी पहचान सईद मोसाहिद उर्फ छोटू, मो. सैफ, युसुफ अंसारी और शाहिद खलीफा के रूप में हुई है। सभी पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं।
एक आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी सईद मोसाहिद उर्फ छोटू के खिलाफ चैनपुर थाना में पहले से एक आपराधिक मामला दर्ज है। यह मामला 22 नवंबर 2025 का है, जिसका कांड संख्या 228/25 बताया गया है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों की आपराधिक गतिविधियों और गैंग से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
इस कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राजेश यादव के नेतृत्व में चैनपुर थाना प्रभारी लाल जी, पुलिस अवर निरीक्षक शिवनाथ रंजन, रमण यादव, अनुप टोपनो, सहायक अवर निरीक्षक सिंगराय हेम्ब्रम, विक्रम सिंह तामसोय और चैनपुर थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।
