Thursday, October 15

धनबाद। हल्द्वानी की घटना से शुरू हुआ विवाद अब झारखंड तक पहुंच चुका है। धनबाद में रविवार को आयोजित युवा कांग्रेस की प्रेस कॉन्फ्रेंस में हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली के बाद मंच केत शुद्धिकरण को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। युवा कांग्रेस झारखंड प्रदेश अध्यक्ष कुमार गौरव उर्फ सोनू ने इस मामले को दलित समाज के अपमान से जोड़ते हुए भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि अगर भाजपा के लोग कांग्रेस के कार्यक्रम या मंच पर जाने के बाद उसे अपवित्र बताते हुए शुद्धिकरण करेंगे, तो कांग्रेस भी अब चुप नहीं बैठेगी।

कुमार गौरव ने कहा कि भाजपा के नेता जहां-जहां जाएंगे, वहां कांग्रेस शुद्धिकरण करेगी। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति या समुदाय को जाति और सामाजिक पहचान के आधार पर अपमानित करना स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने हल्द्वानी की घटना को लेकर भाजपा की कथित मानसिकता पर सवाल उठाते हुए कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर आंदोलन करेगी।

31 अगस्त को झारखंड के सभी 24 जिलों में पुतला दहन होगा

युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देश पर 31 अगस्त को झारखंड के सभी 24 जिलों में मनुस्मृति का पुतला दहन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के जरिए सामाजिक न्याय, समानता और संविधान के मूल्यों को लेकर अपनी आवाज बुलंद की जाएगी। युवा कांग्रेस ने कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।

वहीं, कुमार गौरव ने 7 सितंबर को होने वाले कांग्रेस के बड़े आंदोलन की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि चंदा चोरी और MMDR मामले को लेकर कांग्रेस रांची में राजभवन का घेराव करेगी। इस आंदोलन को लेकर पार्टी और युवा कांग्रेस की ओर से जिला स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।

कुमार गौरव ने अपने पद को लेकर क्या कहा?

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कुमार गौरव ने अपने पद को लेकर चल रही चर्चाओं पर भी स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि अब उनके पद को लेकर किसी तरह का संशय नहीं है। राष्ट्रीय नेतृत्व ने उन्हें दोबारा पार्टी के हित में काम करने का अवसर दिया है और वह प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर संगठन के कार्यक्रमों को आगे बढ़ा रहे हैं।

दरअसल, इससे पहले युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब ने अनुशासनात्मक कार्रवाई के तहत कुमार गौरव को उनके पद से होल्ड पर रखा था। इसको लेकर पार्टी के भीतर भी चर्चाएं हुई थीं। हालांकि, कुमार गौरव का कहना है कि अब संगठन के स्तर पर स्थिति सामान्य है और वह लगातार पार्टी के कार्यक्रमों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

इसे भी पढ़े – बरियातू में देर रात फायरिंग से मचा हड़कंप, पेट में गोली लगने से टोनी लोहरा गंभीर

Share.
Next Story
तेज प्रताप यादव को मंत्री संजय सिंह का 50 करोड़ का मानहानि नोटिस, 7 दिन में सार्वजनिक माफी की मांग
Exit mobile version