भीड़ और जाम से बचने के लिए समिति ने बनाई योजना, वाहन चालकों से निर्देशों का पालन करने की अपील।
रांची: लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर धुर्वा स्थित सीठियो छठ घाट पर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। छठ के मौके पर यहां बड़ी संख्या में व्रती और श्रद्धालु भगवान सूर्य को अर्घ्य देने पहुंचेंगे। इसे देखते हुए छठ घाट समिति की ओर से भीड़ और वाहनों को व्यवस्थित करने की तैयारी की जा रही है।
घाट पर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए वाहनों की पार्किंग की अलग-अलग व्यवस्था की गई है। छोटी गाड़ियों, मोटरसाइकिलों और अन्य वाहनों के लिए अलग-अलग स्थान निर्धारित किए गए हैं। समिति का उद्देश्य है कि वाहनों की वजह से घाट के आसपास जाम की स्थिति पैदा न हो और श्रद्धालुओं को आने-जाने में आसानी हो।
छठ घाट समिति के सदस्यों ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़े करें। साथ ही, व्यवस्था बनाए रखने के लिए समिति के सदस्यों के निर्देशों का पालन करें।
समिति के अनुसार, छठ महापर्व के दौरान घाट पर बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में सभी श्रद्धालुओं का सहयोग जरूरी है, ताकि पूजा के दौरान व्यवस्था बनी रहे और छठ व्रती बिना किसी परेशानी के भगवान सूर्य को अर्घ्य दे सकें।
