रांची। कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव को लेकर रांची में तैयारियां शुरू हो गई हैं। श्री कृष्ण जन्मोत्सव समिति रांची की ओर से इस वर्ष भी मेन रोड में भव्य नमो दही हांडी प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। आयोजन को लेकर मेन रोड स्थित कार्यक्रम स्थल पर भूमि पूजन किया गया। समिति के मुख्य संरक्षक सह रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ भूमि पूजन कार्यक्रम में शामिल हुए। इसके बाद आयोजन स्थल पर दही हांडी भी टांगी गई।
इसको लेकर संजय सेठ ने क्या कहा ?
इस मौके पर संजय सेठ ने बताया कि श्री कृष्ण जन्मोत्सव समिति रांची के तत्वावधान में लगातार 16 वर्षों से नमो दही हांडी प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष जन्माष्टमी महोत्सव का आयोजन 4 और 5 सितंबर को दो दिनों तक किया जाएगा।
वंदे मातरम की थीम पर होगी भव्य झांकी
महोत्सव के पहले दिन यानी 4 सितंबर को भव्य झांकी का आयोजन किया जाएगा। इसमें राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस वर्ष झांकी की थीम ‘वंदे मातरम’ रखी गई है। आयोजकों के मुताबिक, वंदे मातरम के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर इस थीम को चुना गया है।
महोत्सव में मुंबई की विश्व प्रसिद्ध भजन टीम के साथ-साथ मथुरा-वृंदावन से कृष्ण का रूप प्रस्तुत करने वाले कलाकार भी शामिल होंगे। इससे आयोजन में धार्मिक और सांस्कृतिक रंग देखने को मिलेगा।
25 फीट ऊंची होगी पुरुष गोविंदाओं की दही हांडी
इस बार पुरुष गोविंदा के लिए दही हांडी की ऊंचाई 25 फीट रखी गई है। प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार 71 हजार रुपये, द्वितीय 51 हजार रुपये और तृतीय पुरस्कार 31 हजार रुपये होगा।
वहीं महिला गोविंदा टीम के लिए दही हांडी की ऊंचाई 20 फीट रखी गई है। महिला वर्ग में प्रथम पुरस्कार 51 हजार रुपये और द्वितीय पुरस्कार 31 हजार रुपये निर्धारित किया गया है।
आयोजकों का कहना है कि इस बार नई-नई थीम और आकर्षक कार्यक्रमों के साथ कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव को भव्य रूप देने की तैयारी है।
