रांची: बरियातू में सोमवार को कुछ घंटों के लिए निषेधाज्ञा लागू रहेगी। यह फैसला संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की Combined Recruitment Test (CRT-V) Examination, 2026 को लेकर लिया गया है। परीक्षा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और परीक्षा को कदाचारमुक्त तरीके से कराने के लिए प्रशासन ने यह कदम उठाया है।
27 सितंबर को राजकीय बालिका +2 उच्च विद्यालय बरियातू, HDFC बैंक के सामने परीक्षा केंद्र बनाया गया है। इसी परीक्षा केंद्र के 200 मीटर की परिधि में सुबह 8 बजे से दोपहर 3 बजे तक निषेधाज्ञा प्रभावी रहेगी।
आखिर क्यों लगाई गई निषेधाज्ञा?
प्रशासन को आशंका है कि परीक्षा केंद्र के आसपास असामाजिक तत्व भीड़ जुटाकर कानून-व्यवस्था में बाधा डालने की कोशिश कर सकते हैं। इसी को देखते हुए अनुमंडल दंडाधिकारी, सदर, रांची ने BNSS की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू करने का आदेश जारी किया है।
परीक्षा केंद्र की सुरक्षा और व्यवस्था के लिए दंडाधिकारी के साथ पुलिस पदाधिकारी और जवानों की भी प्रतिनियुक्ति की गई है।
इन गतिविधियों पर रहेगी रोक
निषेधाज्ञा के दौरान परीक्षा केंद्र के 200 मीटर के दायरे में-
- 5 या उससे अधिक लोगों के एक जगह जमा होने पर रोक रहेगी।
- किसी भी तरह के ध्वनि विस्तारक यंत्र के इस्तेमाल की अनुमति नहीं होगी।
- बंदूक, राइफल, रिवॉल्वर, बम, बारूद जैसे हथियार लेकर चलने पर रोक रहेगी।
- लाठी-डंडा, तीर-धनुष, गड़ासा, भाला जैसे हरवे हथियार ले जाने पर भी प्रतिबंध रहेगा।
- किसी भी तरह की बैठक या आमसभा आयोजित नहीं की जा सकेगी।
हालांकि सरकारी कार्य में लगे पदाधिकारियों-कर्मचारियों और सरकारी कार्यक्रम या शवयात्रा को इस आदेश से अलग रखा गया है।
कब तक लागू रहेगी निषेधाज्ञा?
यह निषेधाज्ञा 27 सितंबर 2026 की सुबह 8 बजे से दोपहर 3 बजे तक प्रभावी रहेगी। प्रशासन का कहना है कि इसका उद्देश्य परीक्षा केंद्र के आसपास शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखना और परीक्षा का निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त संचालन सुनिश्चित करना है।
इसे भी पढ़े – JHARKHAND DIGITAL IMPACT : मिल गयी बच्चों को ‘ रेनी डे’ की छुट्टी
