रांची: रक्षाबंधन के पावन पर्व पर गुरुवार को रांची समाहरणालय में भावनाओं से भरा खास नजारा देखने को मिला। गवर्नमेंट मिडिल स्कूल नवीन आरक्षी, रांची-1 की छात्राओं ने समाहरणालय ब्लॉक-ए के प्रांगण में जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री को हैंडमेड राखी बांधकर रक्षाबंधन की खुशियां साझा कीं।
छात्राओं ने उपायुक्त के साथ-साथ समाहरणालय में कार्यरत जिला स्तरीय पदाधिकारियों को भी राखी बांधी। इस आत्मीय पहल से प्रशासनिक परिसर में रक्षाबंधन का माहौल जीवंत हो उठा।
DC ने छात्राओं से किया संवाद, दी पढ़ाई की सीख
उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने छात्राओं से आत्मीयता से बातचीत की और उनके भविष्य के बारे में जानकारी ली। उन्होंने छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए मन लगाकर और अच्छी तरह पढ़ाई करने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि शिक्षा ही बच्चों, विशेषकर बेटियों के जीवन को सशक्त बनाने का सबसे बड़ा माध्यम है। उन्होंने छात्राओं को पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने और अपने भविष्य के लिए निरंतर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया।
छात्राओं को मिला स्टेशनरी किट का उपहार
रक्षाबंधन के मौके पर उपायुक्त ने छात्राओं को पढ़ाई के लिए स्टेशनरी किट भी उपहार स्वरूप भेंट की। छात्राओं के लिए यह उपहार न केवल पर्व की खुशी बढ़ाने वाला रहा, बल्कि उन्हें शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने वाला भी रहा।
उन्होंने ने इस दौरान आश्वासन दिया कि जिला प्रशासन की ओर से सभी सरकारी स्कूलों में आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा, ताकि हर बच्चा बिना किसी बाधा के गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त कर सके।

राखी बांधने पहुंचीं छात्राओं और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच हुए इस आत्मीय संवाद ने रक्षाबंधन के पर्व को सामाजिक जुड़ाव और शिक्षा के संदेश से भी जोड़ दिया।
कार्यक्रम के दौरान जिला शिक्षा अधीक्षक, रांची बादल राज और संबंधित विद्यालय की शिक्षिका मौजूद रहीं।
इसे भी पढ़े – रांची में CBI की रेड, 19,500 रुपये रिश्वत लेते अकाउंट ऑफिसर गिरफ्तार


