Tuesday, October 13

सीआईएसएफ ने करीब 2 किलोमीटर पीछा कर बिंजा पुल के पास रोका ट्रक

एक चालक व खलासी सहित ट्रक को किया गया जप्त,  दूसरा चालक फरार

रांची DMO साहब..बालू के बाद अब कोयला का भी अवैध खनन..अवैध कोयला खनन एवं परिवहन के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत CISF NK & Piparwar की टीम ने हेंदगीर-पतरातू मार्ग पर कार्रवाई करते हुए दो संदिग्ध कोयला लदे ट्रकों को पकड़ा है। CISF टीम ने करीब दो किलोमीटर तक पीछा करने के बाद बिंजा पुल से लगभग 300 मीटर पहले दोनों ट्रकों को रोक लिया। कार्रवाई के दौरान एक ट्रक के चालक एवं खलासी को पकड़ लिया गया, जबकि दूसरे ट्रक का चालक वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया। इस रिकवरी से जो बातें चर्चा में थी वह बिलकुल साफ हो गयी है कि राजधानी में भी कोयला का अवैध खनन किया जा रहा है। इस अवैध खनन और अवैध कोयला लदे ट्रक के ट्रांसपोर्टेशन को स्थानीय पुलिस का भी संरक्षण प्राप्त है।

अवैध कोयला लदे ट्रक को पकड़ने में अमित कुमार, कमांडेंट, CISF NK & Piparwar के दिशा-निर्देश पर की गई। कार्रवाई के दौरान टीम का नेतृत्व दिनेश कुमार, उप कमांडेंट द्वारा किया जा रहा था। मौके पर हर्ष लवाणिया, सहायक कमांडेंट, इंस्पेक्टर संतोष बिंझा, इंस्पेक्टर अजीत सोरेन एवं इंस्पेक्टर राजीव शर्मा भी मौजूद रहे।

गुप्त सूचना पर टीम गठित कर हुई कार्रवाई

प्राप्त गुप्त सूचना के अनुसार हेंदगीर एवं कोले क्षेत्र में अवैध रूप से कोयला खनन कर उसे विभिन्न मार्गों से रामगढ़, रांची एवं पतरातू क्षेत्र में अवैध बाजार में खपाए जाने की जानकारी मिली थी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए कमांडेंट अमित कुमार के निर्देश पर CISF की विशेष टीम गठित कर क्षेत्र में निगरानी एवं एम्बुश की कार्रवाई की गई। इस अभियान में करीब 15 बल सदस्य शामिल थे।

रात करीब 01:20 बजे हैँदगीर-पतरातू मार्ग पर दो संदिग्ध कोयला लदे ट्रक तेज गति से आते दिखाई दिए। CISF टीम द्वारा वाहनों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन दोनों ट्रकों के चालकों ने वाहन लेकर भागने का प्रयास किया। इसके बाद CISF टीम ने करीब 02 किलोमीटर तक पीछा किया और बिंजा पुल से लगभग 300 मीटर पहले दोनों ट्रकों को रोक लिया।

इस दौरान ट्रक संख्या JH-01-DD-7373 का चालक वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए मौके से फरार हो गया।

वहीं दूसरे ट्रक संख्या JH-02-BS-4921 के चालक प्रदीप महतो, पिता मक्कखन महतो, निवासी हफुआ तथा खलासी सतेंद्र महतो, पिता फुलेश्वर महतो, निवासी हफुआ को CISF टीम ने पकड़ लिया।

जांच के दौरान चालक कोयले से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पूछताछ में चालक ने कोयला हिंदगीर/कोले क्षेत्र से लाए जाने की जानकारी दी।

बुढ़मू थाना पुलिस को सौंपे गए दोनों ट्रक

कार्रवाई के संबंध में CISF टीम द्वारा तत्काल अमित कुमार, कमांडेंट, NK & Piparwar को सूचना दी गई। उनके निर्देश पर स्थानीय पुलिस को भी इसकी जानकारी दी गई।

करीब 03:30 बजे बुढ़मू थाना के असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर रण विजय सिंग पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद दोनों ट्रकों, पकड़े गए चालक एवं खलासी, चालक का मोबाइल फोन तथा वाहन की चाबी को आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए बुढ़मू थाना पुलिस को सुपुर्द कर दिया गया।

मामले में MMDR Act, 1957 के तहत बुधमु थाना में FIR दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस द्वारा जब्त कोयले के स्रोत, परिवहन से संबंधित दस्तावेजों तथा पूरे मामले की जांच की जा रही है। फरार चालक की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए भी आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

अवैध कोयला गतिविधियों पर CISF की पैनी नजर

इस संबंध में अमित कुमार, कमांडेंट, CISF NK & Piparwar ने कहा कि क्षेत्र में अवैध कोयला खनन, भंडारण एवं परिवहन जैसी गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। कोयले से संबंधित किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर CISF द्वारा तत्काल कार्रवाई की जा रही है।

उन्होंने कहा कि कोयला क्षेत्रों एवं औद्योगिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा के साथ-साथ अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए CISF की टीमें लगातार सतर्क एवं मुस्तैद हैं तथा स्थानीय पुलिस एवं संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

Share.
Next Story
दिल्ली के सीमापुरी में बहुमंजिला इमारत का हिस्सा भरभराकर गिरा, मलबे में लोगों के दबे होने की आशंका
Exit mobile version