राजधानी रांची के सुखदेवनगर थाना क्षेत्र स्थित कुमार टोली, चुना भट्ठा, श्री नारायण प्रजापति पथ निवासी 26 वर्षीय राजा कुमार वर्मा की वियतनाम में सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। राजा कुमार वर्मा पेशे से योगा टीचर थे और वियतनाम में योग प्रशिक्षक के तौर पर कार्यरत थे।
मिली जानकारी के अनुसार, बीते दिन शाम राजा कुमार वर्मा वियतनाम के एक निजी घर में योग का प्रशिक्षण देकर अपनी स्कूटी से कार्यालय लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उनकी स्कूटी अचानक अनियंत्रित होकर एक कार से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि राजा कुमार वर्मा की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। सुखदेवनगर थाना क्षेत्र स्थित उनके आवास और आसपास के इलाके में शोक का माहौल है, और परिजन गहरे सदमे में हैं।
सोमवार शाम तक रांची पहुंच सकता है पार्थिव शरीर
हादसे के बाद राजा कुमार वर्मा के पार्थिव शरीर को भारत वापस लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। परिजनों और संबंधित लोगों की ओर से आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करते हुए शव को रांची लाने का प्रयास किया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, यदि सभी प्रक्रियाएं समय पर पूरी हो जाती हैं, तो सोमवार शाम तक राजा कुमार वर्मा का पार्थिव शरीर रांची पहुंच सकता है।
परिजन बेसब्री से उनके पार्थिव शरीर के रांची पहुंचने का इंतजार कर रहे हैं, ताकि अंतिम संस्कार की रस्में पूरी की जा सकें।
