संपत्ति विवाद में घर में घुसकर की वारदात, मां के सिर और बेटे की पीठ पर किया वार; दोनों बोकारो जनरल अस्पताल में भर्ती
बोकारो: बोकारो के हरला थाना क्षेत्र से पारिवारिक विवाद में हिंसक हमले का मामला सामने आया है। सेक्टर-9डी, स्ट्रीट नंबर 36 में एक देवर ने अपनी भाभी और भतीजे पर भुजाली से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायलों की पहचान सरोज देवी और उनके बेटे अमन कुमार के रूप में हुई है। दोनों को इलाज के लिए बोकारो जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी देवर संतोष प्रसाद को गिरफ्तार कर लिया है।
घर में घुसकर भतीजे पर किया हमला
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी संतोष प्रसाद और पीड़ित परिवार मूल रूप से चास के यदुवंश नगर के रहने वाले हैं। बताया जाता है कि संतोष के डर से उसका बड़ा भाई मिथलेश प्रसाद अपने परिवार के साथ फिलहाल सेक्टर-9डी, स्ट्रीट नंबर 36 में रह रहा था।
शुक्रवार की अहले सुबह सरोज देवी अपने घर के बाहर झाड़ू लगा रही थीं। इसी दौरान आरोपी संतोष प्रसाद वहां पहुंचा और घर में घुसकर अपने भतीजे अमन कुमार पर भुजाली से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से घर में अफरा-तफरी मच गई।
बेटे को बचाने पहुंची मां पर भी हमला
बेटे की चीख-पुकार सुनकर सरोज देवी उसे बचाने के लिए पहुंचीं। आरोप है कि इस दौरान संतोष ने उन पर भी भुजाली से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में सरोज देवी के सिर और अमन कुमार की पीठ पर चोट आई। घटना के बाद दोनों को इलाज के लिए बोकारो जनरल अस्पताल ले जाया गया। वहीं, आरोपी संतोष प्रसाद को भी मामूली चोटें आई हैं। पुलिस ने उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया।
पहले भी भाई पर कर चुका है हमला
बताया जा रहा है कि संतोष प्रसाद का अपने परिवार के साथ पहले से विवाद चल रहा है। करीब एक साल पहले भी उसने अपने बड़े भाई मिथलेश प्रसाद पर भुजाली से हमला कर उन्हें घायल कर दिया था। उस मामले में आरोपी जेल भी जा चुका है। इसके अलावा उस पर अपने पिता की हत्या का भी आरोप बताया जा रहा है।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
मामले में डीएसपी राजीव रंजन ने बताया कि आरोपी संतोष प्रसाद को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। फिलहाल हमले के पीछे संपत्ति विवाद को वजह बताया जा रहा है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।
