रांची: रांची विश्वविद्यालय में पीएचडी शोध प्रक्रिया को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने की दिशा में किए गए सुधारों को लेकर शोधार्थियों ने विश्वविद्यालय के रिसर्च डायरेक्टर डॉ. परवेज हसन का अभिनंदन किया। बुधवार को शोधार्थियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने उनसे मुलाकात की और पुष्पगुच्छ भेंट कर आभार जताया। इस दौरान शोधार्थियों ने पीएचडी नामांकन प्रक्रिया में संवैधानिक आरक्षण रोस्टर के अनुपालन और शोध निर्देशकों (गाइड) के आवंटन को लेकर की गई पहल की सराहना की।
प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने कहा कि विश्वविद्यालय में पीएचडी विनियमन-2022 को व्यवस्थित तरीके से लागू करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। खासकर शोध नामांकन में संवैधानिक आरक्षण रोस्टर का पालन सुनिश्चित करने से आदिवासी, दलित और पिछड़े वर्ग के अभ्यर्थियों को उनके अधिकार के अनुरूप प्रतिनिधित्व मिलने का रास्ता मजबूत होगा। शोधार्थियों के अनुसार, इससे भविष्य की पीएचडी प्रवेश प्रक्रियाओं में पारदर्शिता और समान अवसर सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
शोधार्थियों ने शोध निर्देशक के आवंटन से जुड़ी समस्याओं का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पहले गाइड आवंटन और प्रशासनिक प्रक्रियाओं को लेकर शोधार्थियों को कई तरह की परेशानियों और अनिश्चितताओं का सामना करना पड़ता था। विश्वविद्यालय स्तर से सभी शोधार्थियों को शोध निर्देशक उपलब्ध कराने की पहल से इन समस्याओं का समाधान होगा। साथ ही शोध कार्यों में तेजी आएगी और विश्वविद्यालय की अकादमिक गुणवत्ता को भी मजबूती मिलेगी।
प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि शोध प्रक्रिया में पारदर्शिता, समावेशिता और छात्रहित को प्राथमिकता देने वाली यह व्यवस्था आने वाले समय में विश्वविद्यालय की शोध संस्कृति को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
इस अवसर पर शोधार्थी सुकेशी कर्मकार, परशुराम मानकी, अंजू कुमारी, संदीप रजक, सुजीत रजक, सुभाष गोप और मनीष गोप सहित विश्वविद्यालय के कई अन्य शोधार्थी मौजूद थे।
