Friday, October 2

वियतनाम के पर्यटन नगर दलात से एक दुखद खबर सामने आई है, जहां एक भीषण सड़क दुर्घटना में झारखंड के दो युवकों की जान चली गई। मृतकों की पहचान कदमा के शास्त्रीनगर निवासी विनय यादव और रांची निवासी राजा कुमार वर्मा के रूप में हुई है।

घटना शुक्रवार शाम की है। स्थानीय समयानुसार करीब साढ़े पांच से छह बजे के बीच, दोनों युवक बाइक पर सवार होकर दलात से डोंग नाई सिटी की तरफ रवाना हुए थे। रास्ते में प्रेन्न पास स्थित दतानला वाटरफॉल के निकट एक तीखे मोड़ पर हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि उस वक्त बारिश के कारण सड़क फिसलन भरी थी, जिसकी वजह से बाइक अनियंत्रित होकर विपरीत दिशा की लेन में चली गई और सामने से आ रहे वाहन से जा भिड़ी।

टक्कर की तीव्रता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि राजा कुमार वर्मा की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि विनय यादव गंभीर रूप से जख्मी हो गए। उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया। योग शिक्षक के तौर पर वियतनाम में कार्यरत विनय की मौत की खबर ने जमशेदपुर स्थित उनके परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।

हादसे की सूचना मिलते ही परिवार को इसकी जानकारी दी गई। परिजनों के मुताबिक, विनय के पार्थिव शरीर को सोमवार तक एयरलिफ्ट कर जमशेदपुर लाने की प्रक्रिया चल रही है, जिसके बाद वहीं अंतिम संस्कार संपन्न होगा। दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय पुलिस और यातायात विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी है।

Share.
Next Story
खूंटी पुलिस में बड़ा फेरबदल, 276 पुलिसकर्मियों की बदली ड्यूटी…कई थानों को मिले नए प्रभारी
Exit mobile version