Tuesday, September 22

संदिग्ध आतंकी हमीम मंडल की कथित गर्लफ्रेंड अर्पिता सरकार गिरफ्तार, बंगाल STF की बड़ी कार्रवाई

जो साहिबगंज पहले अवैध खनन के लिए बदनाम रहा है अब वहां से आतंकी कनेक्शन के मामले भी खुलकर सामने आने लगे हैं. प बंगाल के सीएम को निशाना बनाने में लगे आतंकियों में एक की गर्लफ्रेंड साहिबगंज में वर्षों से रह रही है. पश्चिम बंगाल पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने संदिग्ध आतंकी गतिविधियों की जांच के सिलसिले में झारखंड के साहिबगंज जिले के बड़हरवा थानाक्षेत्र में रहने वाली एक महिला को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार महिला की पहचान अर्पिता सरकार के रूप में हुई है. जांच एजेंसियों का दावा है कि वह हाल ही में बर्धमान से गिरफ्तार किए गए संदिग्ध हमीम मंडल के लगातार संपर्क में थी और कथित तौर पर उसके नेटवर्क का हिस्सा थी. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अर्पिता पर प्रभावशाली लोगों को ‘हनीट्रैप’ के जरिए जाल में फंसाने और नेटवर्क के लिए काम करने का संदेह है. हालांकि, इन आरोपों की जांच अभी जारी है और अदालत में इनकी पुष्टि होना बाकी है।.

बर्धमान गिरफ्तारी के बाद साहिबगंज तक पहुंची जांच

सूत्रों के अनुसार, पश्चिम बंगाल STF ने पूर्व बर्धमान से संदिग्ध हमीम मंडल को गिरफ्तार करने के बाद उससे लंबी पूछताछ की. पूछताछ के दौरान मिले इनपुट, मोबाइल डेटा और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच टीम साहिबगंज पहुंची, जहां से अर्पिता सरकार को हिरासत में लेकर बाद में औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया गया. अर्पिता बड़हरवा के जिस इलाके में रहती है वह झारखंड बंगाल का बिलकुल सीमावर्ती क्षेत्र है और वहां से लोग पैदल ही झारखंड से बंगाल आते जाते रहते हैं.

डिजिटल डिवाइस और संपर्कों की जांच

जांच एजेंसियों ने अर्पिता के मोबाइल फोन, लैपटॉप और अन्य डिजिटल डिवाइस जब्त किए हैं. उसके कॉल रिकॉर्ड, सोशल मीडिया गतिविधियों और बैंकिंग लेनदेन की भी जांच की जा रही है. अधिकारियों का मानना है कि इनसे कथित नेटवर्क के अन्य सदस्यों और संभावित संपर्कों की जानकारी मिल सकती है.

कई राज्यों तक फैले नेटवर्क की आशंका

STF को संदेह है कि यह नेटवर्क केवल पश्चिम बंगाल और झारखंड तक सीमित नहीं हो सकता. जांच एजेंसियां इस बात की पड़ताल कर रही हैं कि इसके तार अन्य राज्यों तक फैले हैं या नहीं तथा इसमें और कौन-कौन लोग शामिल हैं. यदि जांच में नए तथ्य सामने आते हैं तो आने वाले दिनों में अन्य स्थानों पर भी कार्रवाई की जा सकती है.

हमीम मंडल पर गंभीर आरोप

जांच एजेंसियों के अनुसार, गिरफ्तार हमीम मंडल पर प्रतिबंधित आतंकी संगठन से कथित संबंध होने का संदेह है. उसके इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और दस्तावेजों की जांच की जा रही है तथा उसके संभावित नेटवर्क और गतिविधियों की विस्तृत पड़ताल जारी है.

कई सफेदपोश हो सकते हैं बेनकाब, पूछताछ जारी, कई अहम खुलासों की उम्मीद

फिलहाल अर्पिता सरकार से पश्चिम बंगाल STF और अन्य जांच एजेंसियां संयुक्त रूप से पूछताछ कर रही हैं. पुलिस सूत्रों की माने तो इस बार झारखंड के भी कई सफेदपोश बेनकाब हो सकते हैं. अधिकारियों का कहना है कि जांच अभी प्रारंभिक चरण में है और पूछताछ के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. एजेंसियों को उम्मीद है कि इस मामले में आने वाले दिनों में कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आ सकती हैं.

Share.

SURBHI SHIPRA is a news editor, content writer , and graphic designer with experience in digital journalism and online media . she specializes in editing news ,articles, content writing, fact-checking , and creating engaging digital content . Along with editorial work, She designs eye-catching graphic and YouTube thumbnails . She is committed to delivering accurate, informative , and reader- focused content with creativity and professionalism. currently working as a journalist at Jharkhand Digital

Next Story
आस्था का नया अंदाज़: स्केटिंग करते हुए सुल्तानगंज से देवघर पहुंचे शिवभक्त, श्रावणी मेले में बना आकर्षण का केंद्र
Exit mobile version