सरायकेला-खरसावां/चांडिल। चांडिल थाना क्षेत्र के गंगूडीह कैनल के पास मंगलवार को बालू लदा एक आयशर वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे जा गिरा। हादसे में वाहन चालक घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई और कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा।
बताया जा रहा है कि आयशर वाहन में बालू लदा हुआ था और वह गंगूडीह कैनल के पास से गुजर रहा था। इसी दौरान अचानक चालक का वाहन पर नियंत्रण नहीं रहा। आयशर सड़क किनारे नीचे जा गिरा और पलट गया। हादसे में वाहन को काफी नुकसान पहुंचा है।
स्थानीय लोगों ने घायल चालक को बाहर निकाला
वाहन के पलटने के बाद चालक उसके अंदर फंस गया था। आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर चालक को बाहर निकाला। हादसे में उसे चोटें आई हैं। उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाने की जानकारी है।
करीब 200 सीएफटी बालू, बिना चालान परिवहन की चर्चा
हादसे के बाद वाहन में लदे बालू को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि आयशर में करीब 200 सीएफटी बालू लदा था और इसका परिवहन बिना चालान किया जा रहा था।
हालांकि, बिना चालान बालू परिवहन किए जाने की बात की आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है। ऐसे में अब जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि वाहन में कितना बालू लदा था और उसके पास वैध चालान एवं परिवहन से जुड़े जरूरी दस्तावेज थे या नहीं।
हादसे ने बालू परिवहन पर फिर खड़े किए सवाल
इलाके में बालू परिवहन को लेकर पहले भी सवाल उठते रहे हैं। ऐसे में गंगूडीह कैनल के पास बालू लदे वाहन के पलटने की घटना ने एक बार फिर परिवहन व्यवस्था और वाहनों के दस्तावेजों की जांच को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
अब देखना होगा कि संबंधित विभाग और पुलिस मौके पर वाहन के कागजात, बालू की मात्रा और चालान की जांच करते हैं या मामला सिर्फ सड़क हादसे तक सीमित रह जाता है।
इसे भी पढ़े – प्रिंस खान के खिलाफ भाई बंटी खान ने खोला मोर्चा, बोला- हिम्मत है तो धनबाद लौटकर कानून का सामना कर
