Monday, September 21

पलामू: जिले के नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र स्थित डागरा पुलिस पिकेट से शनिवार सुबह एक दुखद घटना सामने आई। यहां तैनात सैप के सूबेदार बुचुन पाल ने अपनी सर्विस राइफल से खुद को गोली मार ली। गोली लगने के बाद उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद पुलिस पिकेट में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गोली चलने की आवाज सुनकर वहां मौजूद साथी जवान तुरंत मौके पर पहुंचे। जब उन्होंने बुचुन पाल को देखा तो वह गंभीर हालत में थे। जांच करने पर उनकी मौत हो चुकी थी।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरीय अधिकारी डागरा पुलिस पिकेट पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और वहां मौजूद जवानों से घटना के संबंध में जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

आत्महत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं

फिलहाल बुचुन पाल ने यह कदम क्यों उठाया, इसकी वजह सामने नहीं आई है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पिकेट में तैनात जवानों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि घटना से पहले की परिस्थितियों और संभावित कारणों का पता लगाया जा सके। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों के संबंध में स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी।

परिजनों को दी गई सूचना

घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दे दी गई है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के बाद शव परिजनों को सौंपे जाने की कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद पुलिस महकमे में भी शोक का माहौल है।

Share.
Next Story
INDW vs BANW: भारत-बांग्लादेश सेमीफाइनल पर बारिश का साया, मैच रद्द हुआ तो किसे मिलेगा फाइनल का गोल्ड मेडल?
Exit mobile version