धनबाद के वासेपुर में सोमवार सुबह अचानक हुई फायरिंग से इलाके में दहशत फैल गई। भुली मोड़ के पास हमलावरों ने अंडा कारोबारी शानू खान को निशाना बनाकर गोलियां चलाईं। शुरुआती जानकारी के अनुसार करीब 10 राउंड फायरिंग हुई, जिसमें शानू खान समेत तीन लोग घायल हुए हैं। घायलों में एक महिला भी शामिल है।
शानू को बनाया निशाना, आसपास के लोग भी आए चपेट में
बताया जा रहा है कि शानू खान पर फायरिंग की गई। इसी दौरान पास में मौजूद सदाम नामक दुकानदार और एक महिला को भी गोली लग गई। शानू खान को फहीम खान का भाई बताया जा रहा है।
अचानक सड़क पर गोलियां चलने से आसपास मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। घटना के बाद घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस ने मौके से बरामद किए खोखे
फायरिंग की सूचना मिलते ही बैंक मोड़ और भूली थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू की और मौके से गोली के खोखे बरामद किए।
हमलावरों ने किस हथियार का इस्तेमाल किया और वारदात को अंजाम देने के बाद वे किस रास्ते से भागे, पुलिस इसकी जानकारी जुटा रही है।
सिटी एसपी ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा
घटना की गंभीरता को देखते हुए सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों से घटना की जानकारी ली और जांच की प्रगति का जायजा लिया।
पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही है। इसके अलावा घटनास्थल के आसपास मौजूद दुकानदारों और प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि फायरिंग करने वालों की पहचान हो सके।
रंजिश से लेकर कारोबारी विवाद तक, कई पहलुओं पर जांच
वासेपुर में हुई इस फायरिंग के बाद इलाके में तनाव और दहशत का माहौल है। फिलहाल पुलिस गोलीबारी के पीछे की वजह स्पष्ट करने में जुटी है। आपसी रंजिश, रंगदारी और कारोबारी विवाद समेत अलग-अलग संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
पुलिस का फोकस हमलावरों की पहचान करने, उनके भागने के रास्ते का पता लगाने और घटना के पीछे की वजह सामने लाने पर है।
इसे भी पढ़े – यूपीआई से 2,000 रुपये तक पेट्रोल खरीदने पर नहीं लगेगा एमडीआर
