Tuesday, November 24

दो दिनों से ठप है गैस सिलेंडरों की बॉटलिंग, रोजाना 9 हजार सिलेंडरों की होती है खपत; बोकारो और खड़गपुर से मंगाई जा रही गैस

जमशेदपुर। जमशेदपुर में रसोई गैस की आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है। आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र के गम्हरिया स्थित इंडियन ऑयल के इंडेन बॉटलिंग प्लांट में मजदूरों का आंदोलन जारी है। छंटनी और शिफ्ट कटौती के विरोध में कामगारों के प्रदर्शन के कारण पिछले दो दिनों से प्लांट में सिलेंडरों की बॉटलिंग ठप है। इसका असर अब शहर की गैर आपूर्ति पर दिखने लगा है।

दरअसल, गम्हरिया बॉटलिंग प्लांट से जमशेदपुर और आसपास के इलाकों में प्रतिदिन करीब 30 ट्रक गैस सिलेंडरों की आपूर्ति होती है। अकेले जमशेदपुर में रोजाना लगभग 9 हजार इंडेन सिलेंडरों की खपत है। ऐसे में प्लांट में उत्पादन बंद रहने से गैस एजेंसियों पर स्टॉक का दबाव बढ़ रहा है और एक से दो दिनों का बैकलॉग होने की आशंका जताई जा रही है।

हालांकि, संभावित गैस किल्लत को देखते हुए इंडेन प्रबंधन ने वैकल्पिक व्यवस्था शुरू की है। इसके तहत बोकारो और पश्चिम बंगाल के खड़गपुर स्थित बॉटलिंग प्लांट से सिलेंडर मंगाकर जमशेदपुर में आपूर्ति की जा रही है। प्रबंधन का कहना है कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और उपभोक्ताओं को परेशानी न हो, इसके लिए प्रयास किए जा रहे हैं।

वहीं, दूसरी ओर गम्हरिया प्लांट के गेट पर मजदूरों का आंदोलन लगातार जारी है। कामगार छंटनी और शिफ्ट कटौती के फैसले का विरोध कर रहे हैं। झामुमो ने भी मजदूरों के आंदोलन को समर्थन दिया है। अब सबकी नजर प्रबंधन और मजदूरों के बीच होने वाली वार्ता पर टिकी है। यदि जल्द समाधान नहीं निकला, तो जमशेदपुर में रसोई गैस की आपूर्ति पर असर और बढ़ सकता है।

Share.
Next Story
बिहार-झारखंड में भूकंप के झटकों से मची हलचल, सुबह-सुबह घरों से बाहर निकले लोग
Exit mobile version