Wednesday, November 25
वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर बोले- ड्राफ्ट सूची से 16 प्रतिशत मतदाताओं के नाम हटाये गये, सर्वदलीय चर्चा के बाद तैयार हो सरल और पारदर्शी एसओपी

झारखंड विधानसभा के दो दिवसीय विशेष सत्र के पहले दिन बुधवार को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का मुद्दा सदन में छाया रहा. राज्य सरकार ने मौजूदा प्रक्रिया पर रोक लगाकर नये सिरे से एसआईआर कराने की मांग उठायी है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की ओर से पेश किये जाने वाले राजकीय संकल्प में वर्तमान प्रक्रिया की खामियों को दूर कर सरल, पारदर्शी और सर्वमान्य व्यवस्था के तहत पुनरीक्षण कराने का प्रस्ताव है.

वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने सदन में एसआईआर पर सरकार का पक्ष रखते हुए कहा कि ड्राफ्ट मतदाता सूची से 16 प्रतिशत मतदाताओं के नाम बाहर कर दिये गये हैं. सरकार को आशंका है कि मौजूदा प्रक्रिया के कारण बड़ी संख्या में वैध मतदाता अपने मताधिकार से वंचित हो सकते हैं. राज्य सरकार ने एसआईआर कराने पर सैद्धांतिक सहमति जतायी है, लेकिन दस्तावेजों की जटिलता, तकनीकी खामियों और प्रक्रियागत परेशानियों पर सवाल उठाये हैं.

सरकार का प्रस्ताव है कि सभी राज्यों और छोटे-बड़े राजनीतिक दलों के साथ व्यापक चर्चा कर एसआईआर के लिए सरल और पारदर्शी मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) तैयार की जाये. सदन से सहमति मिलने के बाद राजकीय संकल्प केंद्र सरकार को भेजा जायेगा.

अध्यक्ष से उलझे बाबूलाल मरांडी

सदन की कार्यवाही सुबह 11.15 बजे विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने शुरू की. संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने कार्यसूची पढ़ी. इस दौरान नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी अध्यक्ष के संबोधन के बाद अपनी बात रखना चाहते थे, लेकिन अनुमति नहीं मिलने पर उनकी अध्यक्ष के साथ हल्की नोकझोंक हुई.

सदन के बाहर भाजपा का प्रदर्शन

विशेष सत्र शुरू होने से पहले भाजपा विधायकों ने विधानसभा परिसर में सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया. हाथों में तख्तियां लेकर विधायकों ने नारेबाजी की. भाजपा ने जेपीएससी, युवाओं को रोजगार और राज्य की विधि व्यवस्था के मुद्दे पर सरकार को घेरा. सत्र के दौरान इन मुद्दों पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस के आसार हैं.

एसआइआर की मौजूदा प्रक्रिया पर झारखंड सरकार का एतराज, सभी दलों से चर्चा के बाद नये नियम बनाने की मांगः

झारखंड सरकार ने विधानसभा में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) कराने पर अपनी सैद्धांतिक सहमति दे दी है, लेकिन इसके मौजूदा तौर-तरीकों पर गंभीर सवाल भी खड़े किए हैं। सरकार का मानना है कि जटिल नियमों, तकनीकी खामियों और मांगे जा रहे दस्तावेजों की वजह से बड़ी संख्या में पात्र मतदाताओं को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। इसलिए सरकार ने केंद्र से मांग की है कि पहले सभी राज्यों और राजनीतिक दलों के साथ बैठक कर एक सरल और पारदर्शी मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) तैयार की जाए, और उसके बाद ही झारखंड में नये सिरे से यह प्रक्रिया शुरू हो।

38 प्रतिशत से अधिक मतदाता संकट में, नोटिस और नाम कटने का मुद्दा गरमायाः

सदन में पेश किए गए राजकीय संकल्प के आंकड़ों के मुताबिक, राज्य के कुल 2.64 करोड़ मतदाताओं में से 2.21 करोड़ के नाम ही प्रारूप मतदाता सूची में आ पाए हैं। लगभग 16 प्रतिशत मतदाताओं के नाम सूची से काट दिए गए हैं, जबकि सूची में शामिल करीब 27 प्रतिशत लोगों को संदेहास्पद मानकर नोटिस थमाया गया है। इनमें से 75 प्रतिशत से अधिक नोटिस केवल नाम और अन्य विवरणों में मामूली अंतर के कारण भेजे गए हैं। इस प्रकार, राज्य के 38 प्रतिशत से ज्यादा मतदाता या तो सूची से बाहर हो गए हैं या नोटिस झेल रहे हैं।

खतियान को शामिल न करने पर सवाल, आदिवासी और प्रवासी मजदूर सबसे ज्यादा परेशानः

सरकार ने स्पष्ट किया है कि झारखंड की सामाजिक और शैक्षणिक परिस्थितियां अन्य राज्यों से भिन्न हैं। यहां के आदिवासी और विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों (पीवीटीजी) के लोगों के विभिन्न सरकारी दस्तावेजों में जन्मतिथि को लेकर विसंगतियां हैं। इसके अलावा, निर्वाचन आयोग द्वारा तय किए गए 11 दस्तावेजों की सूची में ‘खतियान’ को जगह न देने पर भी सरकार ने आपत्ति जताई है। इस स्थिति के कारण प्रवासी मजदूरों, बाहर पढ़ने वाले छात्रों, बुजुर्गों, विधवा और तलाकशुदा महिलाओं के सामने दस्तावेज सत्यापन का संकट खड़ा हो गया है, जिससे उनके मताधिकार छिनने का खतरा है।

पश्चिम बंगाल के अनुभव से सबक लेने की नसीहतः

राजकीय संकल्प में पश्चिम बंगाल में हुए एसआइआर का उदाहरण देते हुए गहरी चिंता व्यक्त की गई है। सरकार ने बताया कि वहां चुनाव से पूर्व 90 लाख से ज्यादा मतदाताओं के नाम काट दिए गए थे, जिसके बाद सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर बने ट्रिब्यूनलों में 38 लाख से अधिक लोगों को अपील करनी पड़ी और उनमें से अधिकांश को आज भी न्याय का इंतजार है। झारखंड जैसे आदिवासी बहुल राज्य में ऐसी जटिल प्रक्रिया स्थिति को और बिगाड़ सकती है।

संविधान के अनुच्छेद 326 का हवाला, मताधिकार सुरक्षित रखने पर जोरः

सरकार ने संविधान के अनुच्छेद 326 का उल्लेख करते हुए कहा कि किसी भी योग्य नागरिक को महज नियमों या तकनीकी पेचीदगियों के कारण वोट डालने के अधिकार से वंचित नहीं किया जा सकता। चुनाव प्रक्रिया की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए यह जरूरी है कि पहले मौजूदा एसआइआर प्रणाली की कमियों को सुधारा जाए और फिर आसान नियमों के तहत इसे लागू किया जाए।

Share.
Next Story
जमशेदपुर में जमीन विवाद में दो बेटों ने की 80 वर्षीय मां की हत्या, शव जलाने का भी किया प्रयास; दोनों गिरफ्तार
Exit mobile version