18 नवंबर को जेसीईआरटी, रातू में प्रतियोगिता-सह-प्रदर्शनी का आयोजन, हर ट्रेड के तीन प्रतिभागियों को किया जाएगा सम्मानित।
झारखंड के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को अब अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच मिलने जा रहा है। व्यावसायिक शिक्षा के तहत प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे विद्यार्थी राज्य स्तर पर अपने हुनर, तकनीकी दक्षता और नए प्रयोगों का प्रदर्शन करेंगे।
दरअसल, झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद की ओर से 18 नवंबर को रांची के जेसीईआरटी, रातू परिसर में राज्य स्तरीय कौशल प्रतियोगिता-सह-प्रदर्शनी 2026 का आयोजन किया जा रहा है। इसमें कक्षा नौवीं से बारहवीं तक के वे विद्यार्थी शामिल होंगे, जिन्होंने जिला स्तरीय प्रतियोगिता में जीत हासिल की है
जानिए किन-किन क्षेत्रों में विद्यार्थी दिखाएंगे प्रतिभा
इस प्रतियोगिता में कृषि, ऑटोमोटिव, आईटी-आईटीईएस, इलेक्ट्रॉनिक्स, परिधान, ब्यूटी एंड वेलनेस, मीडिया एंड एंटरटेनमेंट, हेल्थकेयर, रिटेल तथा पर्यटन एवं आतिथ्य सहित कुल 10 ट्रेडों को शामिल किया गया है। विद्यार्थी अपने तैयार किए गए मॉडल, प्रोजेक्ट और नवाचार के माध्यम से अपनी व्यावहारिक जानकारी और कौशल का प्रदर्शन करेंगे।
प्रतियोगिता में निर्णायक मंडल विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों का मूल्यांकन करेगा। इसके बाद प्रत्येक ट्रेड से तीन उत्कृष्ट प्रतिभागियों का चयन कर उन्हें सम्मानित किया जाएगा।
गौरतलब है कि झारखंड में वर्ष 2015-16 से सरकारी विद्यालयों में व्यावसायिक शिक्षा कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। वर्तमान में राज्य के 803 सरकारी स्कूलों में यह व्यवस्था लागू है।
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक कौशल से जोड़ना, उनकी रचनात्मक सोच को बढ़ावा देना और भविष्य में रोजगार एवं उद्योग जगत की जरूरतों के अनुरूप तैयार करना है।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप आयोजित यह प्रतियोगिता विद्यार्थियों को अपनी क्षमता पहचानने और अपने हुनर को राज्य स्तर पर प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करेगी।
