Monday, September 21

रांची। दुर्गापूजा को देखते हुए रांची जिला प्रशासन ने शहर में यातायात व्यवस्था, पार्किंग, अतिक्रमण और विधि-व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में समीक्षा बैठक हुई। इसमें पूजा के दौरान श्रद्धालुओं और आम लोगों को जाम से राहत देने के साथ सुरक्षित और व्यवस्थित आवागमन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

बैठक में पुलिस अधीक्षक नगर पारस राणा, एसडीओ सदर कुमार रजत, अपर जिला दण्डाधिकारी विधि-व्यवस्था धनंजय, उपसमाहर्ता भूमि मुकेश कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी अखिलेश समेत पथ निर्माण, बिजली विभाग और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

प्रमुख सड़कों से हटेंगे अनावश्यक कट्स

उपायुक्त ने शहर के प्रमुख और व्यस्त मार्गों पर बने अनधिकृत कट्स को चिन्हित कर उनकी सूची तैयार करने का निर्देश दिया। यातायात में बाधा डालने वाले अनावश्यक कट्स को प्राथमिकता के आधार पर हटाने को कहा गया।

उन्होंने अधिकारियों से उन इलाकों को पहले से चिन्हित करने को कहा, जहां दुर्गापूजा के दौरान ज्यादा भीड़ और वाहनों का दबाव रहने की संभावना है। ऐसे स्थानों के लिए पहले से ट्रैफिक मैनेजमेंट प्लान तैयार करने का निर्देश दिया गया।

अतिक्रमण हटाने के बाद दोबारा कब्जा न हो

बैठक में अतिक्रमण हटाने के बाद उसी जगह पर दोबारा कब्जा होने की समस्या पर भी विशेष जोर दिया गया। उपायुक्त ने ऐसे स्थानों पर प्रभावी निगरानी रखने और माइकिंग के जरिए लोगों को दोबारा अतिक्रमण नहीं करने की जानकारी देने का निर्देश दिया।

हर वार्ड में वेंडर मार्केट के लिए जगह खोजने का निर्देश

शहरी क्षेत्र के सभी वार्डों में वेंडर मार्केट के लिए उपयुक्त जगह चिन्हित करने को कहा गया है। नगर निगम को अंचल अधिकारियों के साथ समन्वय कर इसकी सूची तैयार करने का निर्देश दिया गया।

प्रशासन का उद्देश्य फुटपाथ और सड़क किनारे अनियमित तरीके से दुकान लगाने की समस्या को कम करना और व्यवस्थित वेंडिंग की व्यवस्था विकसित करना है।

इसके अलावा रांची के शहरी इलाकों में खाली पड़ी सरकारी जमीन को भी चिन्हित कर उसकी सूची तैयार करने का निर्देश दिया गया है। भविष्य में जनोपयोगी और विकास योजनाओं के लिए इन जमीनों का इस्तेमाल किया जा सकेगा।

अवैध पार्किंग और ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई

बैठक में ऑटोमैटिक चालान की व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। प्रमुख चौक-चौराहों, व्यस्त सड़कों और जाम वाले इलाकों में अवैध पार्किंग, सड़क किनारे अनधिकृत कब्जे और ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

सड़क पर बेतरतीब केबल और गड्ढों को लेकर सख्ती

बिजली के खंभों पर जगह-जगह बेतरतीब तरीके से लगे केबल को हटाने के लिए कार्यपालक विद्युत अभियंता को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।

वहीं, GAIL के अधिकारियों को सड़क पर काम पूरा होने के बाद उसे पहले जैसी स्थिति में करने को कहा गया। काम के दौरान किए गए गड्ढों को भरना अनिवार्य होगा, ताकि लोगों के आवागमन में परेशानी न हो।

उपायुक्त ने साफ कहा कि सड़क पर काम के बाद किसी भी तरह की अव्यवस्था स्वीकार नहीं की जाएगी और लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

विकास योजनाओं में तेजी लाने के निर्देश

बैठक में जिले में चल रही विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ लंबित कामों में तेजी लाने और तय समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से काम पूरा करने का निर्देश दिया गया।

उपायुक्त ने कहा कि रांची को व्यवस्थित, स्वच्छ, सुरक्षित और सुगम शहर बनाने के लिए सभी विभागों को अपनी जिम्मेदारी प्रभावी तरीके से निभानी होगी। दुर्गापूजा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शहर में आने को देखते हुए ट्रैफिक, विधि-व्यवस्था, अतिक्रमण नियंत्रण और शहर की साफ-सफाई व सौंदर्यीकरण से जुड़े कामों को प्राथमिकता से पूरा करने को कहा गया है।

इसे भी पढ़े – BIT MESRA में रीजनल साइंस कांग्रेस 2026 का समापन, छात्रों ने दिखाए विज्ञान मॉडल और प्रोजेक्ट

Share.

Sanjana Kumari is a media professional, content writer, and voiceover artist with experience since 2023. She has expertise in digital media, social media, news writing, editing, and content management. Currently, she works as an Input In-Charge at Jharkhand Digital, handling news inputs and digital content. She is proficient in writing and articulating articles and voiceovers in both Hindi and English.

Next Story
एदारा-ए-शरिया और सुन्नी बरेलवी केंद्रीय कमेटी के प्रतिनिधिमंडल ने रांची डीसी से की मुलाकात
Exit mobile version