पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के रामपुरहाट से रविवार सुबह पूर्व विधायक और विधानसभा के पूर्व डिप्टी स्पीकर आशीष बंद्योपाध्याय की मौत की खबर सामने आई। उनका शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका हुआ मिला। घटना की सूचना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
घर के पास मिला शव
पुलिस के मुताबिक, आशीष बंद्योपाध्याय का शव उनके घर के पास स्थित तृणमूल कांग्रेस कार्यालय के नजदीक एक कमरे में मिला। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस ने अभी मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगी मौत की वजह
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी। घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटना से पहले उनकी गतिविधियां कैसी थीं और किन परिस्थितियों में यह घटना हुई।
बीरभूम की राजनीति में अहम पहचान
आशीष बंद्योपाध्याय पश्चिम बंगाल की राजनीति में लंबे समय से सक्रिय रहे। वह रामपुरहाट विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर चुके थे और पश्चिम बंगाल विधानसभा के डिप्टी स्पीकर की जिम्मेदारी भी संभाल चुके थे। तृणमूल कांग्रेस में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही और वह बीरभूम जिले की पार्टी की कोर कमेटी से भी जुड़े हुए थे।
उनकी मौत की खबर सामने आने के बाद राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भीड़ घटनास्थल पर जुटने लगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।
इसे भी पढ़े – लातेहार में बेकाबू कंटेनर ने मचाया कहर, बाइक और ऑटो को मारी टक्कर; 7 की मौत


