रांची: सिमडेगा पुलिस द्वारा दिलीप तिर्की को हिरासत में लिए जाने की सूचना के बाद मामला राजनीतिक तूल पकड़ता दिख रहा है। नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर हेमंत सोरेन सरकार और सिमडेगा पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया है कि दिलीप तिर्की को हिरासत में लेने के बाद भी उनके परिजनों को यह जानकारी नहीं दी जा रही है कि उन्हें कहां रखा गया है।

बाबूलाल मरांडी ने अपनी पोस्ट में बताया कि दिलीप तिर्की की बहन ने एक वीडियो जारी कर भाई की सलामती को लेकर चिंता जताई है। वीडियो में उन्होंने आशंका व्यक्त की है कि यदि उनके भाई के साथ कोई अप्रिय घटना होती है, तो इसके लिए विधायक भूषण बाड़ा और सिमडेगा पुलिस जिम्मेदार होंगे।
मरांडी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को संबोधित करते हुए सवाल किया कि कांग्रेस विधायक के कथित कुकर्मों पर पर्दा डालने के लिए पुलिस आखिर किस हद तक जा सकती है। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति को हिरासत में लेने के बाद उसके परिजनों को उसकी स्थिति और ठिकाने की जानकारी तक नहीं देना पुलिस और सरकार की मंशा पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
उन्होंने मांग की कि दिलीप तिर्की को तत्काल सुरक्षित तरीके से प्रस्तुत किया जाए और उनकी स्थिति स्पष्ट की जाए। पोस्ट के अंत में बाबूलाल मरांडी ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि कानून से ऊपर कोई नहीं है और अन्याय तथा सत्ता के दुरुपयोग का हिसाब देना होगा।


